Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

सड़क सुरक्षा माह का समापन समारोह संपन्न, एआरटीओ कार्यालय में हुआ जागरूकता कार्यक्रम

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

विद्यालयी बच्चों ने भाषण व प्रस्तुतियों के माध्यम से दिया सड़क सुरक्षा का मजबूत संदेश

सड़क सुरक्षा पर आयोजित प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राएं सम्मानित, डीएम ने की हौसला अफजाई

जीवन अनमोल है, यातायात नियमों का पालन करें”—डीएम का नागरिकों से संदेश

ब्लैक स्पॉट सुधार, विभागीय समन्वय से सड़क सुरक्षा को मिली मजबूती

बलरामपुर।जनपद में सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत एआरटीओ कार्यालय परिसर में आयोजित समापन समारोह में सड़क सुरक्षा को लेकर व्यापक जनजागरूकता का संदेश दिया गया। समारोह के दौरान विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सड़क सुरक्षा विषय पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। बच्चों की सारगर्भित एवं आत्मविश्वासपूर्ण प्रस्तुतियों ने सभी को प्रभावित किया।समारोह के अवसर पर मुख्य अतिथि जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन द्वारा सड़क सुरक्षा थीम पर जनपद के विभिन्न विद्यालयों में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता, वाद-विवाद प्रतियोगिता एवं भाषण प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए हौसला अफजाई की गई।इस अवसर पर जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि “जीवन अनमोल है, यातायात नियमों का पालन कर हम स्वयं को ही नहीं, बल्कि दूसरों के जीवन को भी सुरक्षित रखते हैं।” उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वाहन चलाते समय हेलमेट व सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें तथा यातायात नियमों का पूरी निष्ठा से पालन करें।जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में सड़क दुर्घटनाओं को शून्य करने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा निरंतर ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट्स की पहचान कर सुधारात्मक कार्यवाही की जा रही है तथा विभिन्न विभागों के समन्वय से सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद को दुर्घटना-मुक्त बनाना प्रशासन का लक्ष्य है।समारोह के दौरान सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने पर शिक्षा विभाग, लोक निर्माण विभाग, जिला पंचायत राज विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।साथ ही, जनमानस में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चला रहे व्यक्तियों को मौके पर हेलमेट प्रदान किए गए तथा भविष्य में अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने की अपील की गई।समापन समारोह में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर पुलिस अधीक्षक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, एआरटीओ, 51 यूपी एनसीसी बटालियन के सीओ, सूबेदार सहित लगभग 50 एनसीसी कैडेट्स एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।कार्यक्रम के माध्यम से सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत किए गए प्रयासों को सार्थक रूप देते हुए यह संदेश दिया गया कि सामूहिक सहभागिता से ही सुरक्षित यातायात और दुर्घटना-मुक्त समाज का निर्माण संभव है।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.