थारू जनजाति बाहुल्य ग्राम भौरीसाल में डीएम की चौपाल, विकास कार्यों का लिया जायजा
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
ग्रामों को मूलभूत सुविधाओं से संतृप्त करने की दिशा में डीएम की पहल
सामुदायिक भवन व आंगनबाड़ी केंद्र के मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण कार्य पूर्ण , किया गया शुभारंभ
प्राथमिक विद्यालय व आंगनबाड़ी केंद्रों का डीएम ने किया निरीक्षण, व्यवस्थाएं पाईं बेहतर
बलरामपुर।विकास खंड पचपेड़वा के थारू जनजाति बाहुल्य ग्राम भौरीसाल में जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन द्वारा चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया गया। चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने ग्राम को मूलभूत सुविधाओं से संतृप्त किए जाने की दिशा में हो रहे कार्यों की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।इस अवसर पर अधिशासी अभियंता विद्युत, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।जिलाधिकारी द्वारा यूपी सिडको के माध्यम से थारू ग्राम में कराए गए इंटरलॉकिंग कार्य का भी स्थलीय निरीक्षण कर गुणवत्ता एवं प्रगति का जायजा लिया गया।इसके उपरांत जिलाधिकारी द्वारा ग्राम पंचायत भूसहर पुरई में सामुदायिक भवन के मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का फीता काटकर शुभारंभ किया गया।उन्होंने कहा कि सामुदायिक भवन ग्रामीणों की सामाजिक एवं सामूहिक गतिविधियों का केंद्र होता है, अतः इसकी गुणवत्ता एवं उपयोगिता सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण क्रम में जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय फोगाही का भी निरीक्षण किया। विद्यालय में भवन, कक्षाओं एवं अन्य आधारभूत अवसंरचना को संतोषजनक एवं बेहतर पाया गया।इसके पश्चात ग्राम भुसहर उचवा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का फीता काटकर शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों एवं महिलाओं को सभी सुविधाएं समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से उपलब्ध कराई जाएं।इसके उपरांत जिलाधिकारी थारू परियोजना विशुनपुर विश्राम का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परियोजना में संचालित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का अवलोकन करते हुए उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य केंद्र पर दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकीय सेवाओं, साफ-सफाई एवं रिकॉर्ड संधारण की स्थिति की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।