ईंट भट्ठा मालिक की दबंगई, मजदूरों को पीटकर किया लहूलुहान, चार नामजद पर केस दर्ज
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
गोंडा।जनपद गोंडा के धानेपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत त्रिभुवन नगर ग्रिंट के शुक्लागंज में स्थित एक ईंट भट्ठे पर मजदूरी करने वाले मजदूरों के साथ अमानवीय मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित मोहम्मद कलीम निवासी शुक्लागंज ने श्रीदत्तगंज थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।पीड़ित का आरोप है कि कौड़ी न लिखने की बात को लेकर ईंट भट्ठा मालिक यार मोहम्मद ने अपने संबंधित मारूफ, शारुफ और दीन के साथ मिलकर पहले गाली-गलौज की और फिर जान से मारने की धमकी देते हुए लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई कर दी। मारपीट में मोहम्मद कलीम के सिर में गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही लहूलुहान हो गया।
पीड़ित को बचाने पहुंची उसकी मां और भाई के साथ भी आरोपितों ने मारपीट की, जिससे वे भी घायल हो गए। पीड़ित का कहना है कि उसे जबरन रोककर बंधक बना लिया गया और लगातार पीटा गया। किसी तरह मौका पाकर वह वहां से भाग निकला और अपनी जान बचाई।
पीड़ित ने यह भी बताया कि घटना के बाद से आरोपित भट्ठा मालिक और उसके परिजन लगातार उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं, जिससे पूरा परिवार दहशत के माहौल में जीने को मजबूर है।
पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर यार मोहम्मद, मारूफ, शारुफ और दीन के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है, वहीं घायलों का चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया गया है।