भावुक पलों के बीच विद्यार्थियों को दी गई भव्य विदाई
रिपोर्ट – राम चरित्र वर्मा
रेहरा बाजार (बलरामपुर)।शिक्षा क्षेत्र रेहरा बाजार के आर० एस० जे० पी० वर्मा मार्डन जूनियर हाई स्कूल नौवा कोल में छात्र-छात्राओं के सम्मान में विद्यार्थियों द्वारा एक भव्य फेयरवेल पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूल के प्रबंधक अरविन्द कुमार वर्मा एवं प्रधानाध्यापक बलजीत यादव द्वारा विद्या की देवी मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ।कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के अध्यापकों तथा छात्र छात्राओं ने संयुक्त रूप से किया। दीप प्रज्वलन के पश्चात छात्र-छात्राओं द्वारा संचालक सुरेश कुमार वर्मा एवं समस्त शिक्षकों को बैच अलंकरण कर सम्मान किया गया।इसके बाद सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का मनमोहक दौर शुरू हुआ। विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य, कविता एवं हास्य प्रस्तुतियों के माध्यम से सभी का भरपूर मनोरंजन किया। कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों और शिक्षकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। माहौल भावुक भी रहा—एक ओर साथ बिताए वर्षों की यादों के कारण विदाई का दर्द दिखाई दिया, वहीं दूसरी ओर विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को लेकर खुशी भी झलकती रही।इस अवसर पर संचालक सुरेश कुमार वर्मा ने कहा कि विद्यालय केवल पढ़ाई का स्थान नहीं बल्कि संस्कारों की पाठशाला है, यहां से निकलने वाले विद्यार्थी जहां भी जाएंगे अपने आचरण से विद्यालय की पहचान बनाएंगे। प्रबंधक अरविन्द कुमार ने विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पण को सफलता की कुंजी बताते हुएबोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। प्रधाध्यापक बलजीत यादव ने विद्यार्थियों को जीवन में निरंतर सीखते रहने की सलाह दी तथा कहा कि असफलता ही सफलता की पहली सीढ़ी होती है। सहायक अध्यापक अवधेश कुमार ने कहा कि समय का सदुपयोग करने वाला छात्र ही आगे चलकर समाज का जिम्मेदार नागरिक बनता है। अध्यापक,अध्यापिकाओं ने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास बनाए रखने और अपने माता-पिता व गुरुजनों का सम्मान करने का संदेश दिया।कार्यक्रम के अंत में सभी छात्र-छात्राओं को नम आंखों से विदाई दी गई तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगे की शिक्षा यात्रा के लिए प्रेरित किया गया। समारोह ने विद्यालय परिवार को भावनात्मक रूप से जोड़ते हुए यादगार पल प्रदान किए। इस अवसर पर अध्यापक, अध्यापिकाएं जमुना प्रसाद, रमेश कुमार रोहित शर्मा, राम जनम वर्मा, बंदना वर्मा, धूपा वर्मा, मनीषा वर्मा, सुनीता यादव, रोशनी तिवारी, पूनम वर्मा, अंजली वर्मा समेत छात्र छात्राएं एवं क्षेत्र के गण मान्य लोग मौजूद रहे।