वन निगम के प्रभागीय लॉगिंग प्रबंधक की मिलीभगत से साखू की बेशकीमती लकड़ी की खुलेआम चोरी
रिपोर्ट – जितेन्द्र पटेल
बलरामपुर/गोंडा। जनपद में बेशकीमती साखू ( साल ) की लकड़ी की अवैध कटान और परिवहन का मामला प्रकाश में आया है। आरोप है कि वन निगम के प्रभागीय लॉगिंग प्रबंधक की मिलीभगत से यह अवैध कारोबार लंबे समय से संचालित हो रहा है। स्थानीय सूत्रों का कहना है कि विभागीय संरक्षण के चलते तस्करों के हौसले बुलंद हैं और खुलेआम जंगलों से लकड़ी काटकर निकासी की जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार रात के समय ट्रैक्टर-ट्रॉली और छोटे वाहनों के माध्यम से साखू की लकड़ी को बाहर भेजा जा रहा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इससे सरकारी राजस्व को लाखों रुपये की क्षति होने की आशंका जताई जा रही है।जानकारों का कहना है कि यदि परमिट और चालान की गहन जांच की जाए तो बड़े स्तर पर अनियमितताएं उजागर हो सकती हैं। वहीं पर्यावरण प्रेमियों ने इसे वन संपदा के साथ गंभीर खिलवाड़ बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी एवं उच्च वन अधिकारियों से मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि वन संपदा की हो रही लूट पर रोक लगाई जा सके।