डीएम व एसपी ने विभिन्न क्षेत्रों का किया भ्रमण, कानून व्यवस्था का लिया गया जायजा
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
बलरामपुर।आगामी पर्व होली, ईद-उल-फितर एवं रामनवमी को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराए जाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन एवं पुलिस अधीक्षक विकास कुमार द्वारा जनपद के विभिन्न स्थलों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया गया।जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा चौकी मथुरा बाजार, थाना ललिया क्षेत्र एवं थाना पचपेड़वा कस्बा में पैदल गश्त कर कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया गया। इस दौरान अधिकारियों ने दुकानदारों, स्थानीय नागरिकों एवं राहगीरों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनीं और त्योहारों को आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के साथ मनाने की अपील की।व्यापारियों एवं आमजन से कहा गया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की सूचना तत्काल डायल 112 अथवा स्थानीय पुलिस को दें, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाए तथा नियमित गश्त एवं पैदल भ्रमण के माध्यम से पुलिस की प्रभावी उपस्थिति बनाए रखी जाए, ताकि असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जा सके और आमजन में सुरक्षा की भावना सुदृढ़ हो।जनपद पुलिस द्वारा त्योहारों के दौरान शांति, सौहार्द एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने हेतु व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी ललिया डी.के. श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी तुलसीपुर डॉ. जितेन्द्र कुमार, प्रभारी निरीक्षक ललिया अशोक कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक थाना पचपेड़वा ओ.पी. चौहान सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।