चौधरीडीह गौशाला में अव्यवस्थाओं का आरोप, भ्रष्टाचार की चर्चा तेज
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
स्थानीय लोगों का दावा हर सप्ताह एक-दो गौवंश की हो रही मौत, देखभाल पर उठे सवाल
बलरामपुर। जनपद के चौधरीडीह स्थित गौशाला एक बार फिर विवादों में घिरती नजर आ रही है। स्थानीय ग्रामीणों ने गौशाला की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल उठाते हुए भ्रष्टाचार और लापरवाही के आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गौशाला में पर्याप्त चारा, पानी और साफ-सफाई की व्यवस्था नहीं है, जिसके कारण गौवंशों की स्थिति लगातार खराब हो रही है।ग्रामीणों के अनुसार गौशाला में लगभग हर सप्ताह एक से दो गौवंश की मौत होने की घटनाएं सामने आ रही हैं। इसको लेकर क्षेत्र में आक्रोश बढ़ता जा रहा है और लोग जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं।स्थानीय लोगों का आरोप है कि गौशाला की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी नहीं की जा रही है। इससे ग्राम पंचायत स्तर पर चल रही व्यवस्थाओं में लापरवाही उजागर हो रही है। ग्रामीणों ने इस मामले में ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव और संबंधित विभागीय अधिकारियों की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की है।ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और गौशाला की व्यवस्थाओं को सुधारने की मांग की है, ताकि गौवंशों की समुचित देखभाल सुनिश्चित की जा सके।