बलरामपुर में सड़क निर्माण पर भ्रष्टाचार के आरोप, हाथों से उखड़ रही नई सड़क
1.57 करोड़ की लागत से बन रही सिसई-दुर्गापुर सड़क पर उठे सवाल, ग्रामीणों ने की जांच की मांग
बलरामपुर।जनपद में हो रहे सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में दावा किया जा रहा है कि नई बनी सड़क हाथों से ही उखड़ रही हैं। इससे निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी और संभावित भ्रष्टाचार की चर्चा तेज हो गई है।ताजा मामला सिसई-दुर्गापुर संपर्क मार्ग का है, जहां करीब 2 किलोमीटर 400 मीटर लंबी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। इस सड़क के निर्माण की अनुमानित लागत लगभग 1 करोड़ 57 लाख 90 हजार रुपये बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। उनका कहना है कि सड़क की परत इतनी कमजोर है कि उसे हाथों से ही उखाड़ा जा सकता है। इस संबंध में कुछ वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठते दिखाई दे रहे हैं।ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पूरे निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते जांच नहीं कराई गई तो सरकारी धन की बर्बादी होगी और सड़क जल्दी ही खराब हो सकती है।अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और जिम्मेदार लोगों पर क्या कार्रवाई होती है।
