Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

बलरामपुर में गैस एजेंसियों पर 500 मीटर लंबी लाइन, तीन दिन बाद मिल रहा सिलेंडर

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

बलरामपुर ।जनपद में इन दिनों रसोई गैस को लेकर लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शहर से लेकर कस्बों तक गैस एजेंसियों के बाहर लंबी-लंबी लाइनें देखने को मिल रही हैं। कई स्थानों पर सुबह से ही करीब 500 मीटर तक कतारें लग जा रही हैं और लोगों को गैस सिलेंडर के लिए तीन से चार दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है।स्थानीय लोगों के अनुसार, पहले गैस की होम डिलीवरी की सुविधा उपलब्ध थी, लेकिन अब अधिकांश जगहों पर यह व्यवस्था लगभग बंद हो गई है। इसके चलते उपभोक्ताओं को खुद एजेंसी पर पहुंचकर सिलेंडर लेना पड़ रहा है, जिससे भीड़ और अव्यवस्था बढ़ गई है।बताया जा रहा है कि कई गैस एजेंसियों पर सुबह 5 बजे से ही लोग लाइन में लगना शुरू कर देते हैं। इसके बावजूद सभी लोगों को उसी दिन गैस नहीं मिल पा रही है। उपभोक्ताओं को पहले पर्ची के जरिए बुकिंग करनी पड़ती है, फिर उन्हें टोकन दिया जाता है और उसके बाद तीन दिन बाद सिलेंडर मिलने की बारी आती है। कई बार सिलेंडर की कमी के कारण तीसरे दिन भी लोगों को गैस नहीं मिल पाती।
लाइन में लगे लोगों का कहना है कि पूरा दिन इंतजार करने के बाद भी खाली हाथ लौटना पड़ रहा है, जिससे आम लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। खासकर महिलाओं और बुजुर्गों को घंटों लाइन में खड़े रहने में भारी दिक्कत हो रही है।
उधर इस मामले में जिला प्रशासन का कहना है कि जिले में गैस की कमी नहीं है। जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन का कहना है कि जनपद में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और एजेंसियों को नियमित आपूर्ति की जा रही है।
हालांकि दूसरी तरफ एजेंसियों के बाहर लगी लंबी कतारें प्रशासन के दावों पर सवाल खड़े कर रही हैं। सोशल मीडिया पर भी कई तस्वीरें और वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें लोग गैस के लिए लंबी लाइन में खड़े नजर आ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में समस्या और गंभीर हो सकती है। लोगों ने प्रशासन से होम डिलीवरी व्यवस्था बहाल करने और आपूर्ति बढ़ाने की मांग की है, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.