फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र जारी होने का आरोप, मुख्यमंत्री से शिकायत
रिपोर्ट – ब्यूरो अयोध्या धाम
अयोध्या। जनपद में फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र जारी होने का मामला सामने आया है। ककरही बाजार, रिकाबगंज निवासी भगौती प्रसाद ने मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र भेजकर नगर निगम अयोध्या पर कूट रचित दस्तावेजों के आधार पर मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।शिकायत के अनुसार स्व. राम लखन के पुत्र राम लाल का निधन 2 मार्च 2022 को हुआ था। आरोप है कि कन्हैया लाल नामक व्यक्ति ने कथित रूप से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नगर निगम से मृत्यु प्रमाण पत्र बनवा लिया और अपने पिता का नाम बदलकर मेहक के स्थान पर बाले दर्ज करा दिया।प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि नगर निगम द्वारा जारी मृत्यु प्रमाण पत्र संख्या डी-2020:9-90479-001109, दिनांक 13 सितंबर 2020 में नामों में हेरफेर कर गलत तरीके से दस्तावेज तैयार किए गए हैं, जिससे वास्तविक वारिस के अधिकार प्रभावित हो सकते हैं।
भगौती प्रसाद ने मुख्यमंत्री से निष्पक्ष जांच कर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि इस तरह के मामलों से प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े होते हैं।फिलहाल शिकायत के बाद स्थानीय स्तर पर भी मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है।