2011 से पहले नियुक्त शिक्षकों को टेट से मुक्त करे सरकार : पंकज यादव
रिपोर्ट – ब्यूरो अयोध्या धाम
अयोध्या। अखिल भारतीय संयुक्त शिक्षक महासंघ के बैनर तले शिक्षकों को टेट जैसी प्रतियोगी परीक्षा से मुक्त कराने की मांग को लेकर चलाए जा रहे पत्र अभियान के क्रम में सोमवार को जनपद के कई विद्यालयों का भ्रमण किया गया। इस दौरान प्रांतीय संयोजक पंकज यादव, रुदौली के अध्यक्ष राजकुमार शर्मा, रविनंदन सिंह, जीशान खान और अनुपम मिश्रा ने शिक्षकों से संपर्क कर उन्हें अभियान से जोड़ा।पंकज यादव ने कहा कि एक सितंबर 2025 को सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय से शिक्षक समाज आहत है। सरकार को राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद के नियमों में शिक्षक हित में संशोधन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी भर्ती के बाद बीच में नया नियम लागू नहीं किया जाता, जबकि टेट की अनिवार्यता से शिक्षकों के सामने अस्तित्व का संकट खड़ा हो गया है।उन्होंने बताया कि लंबे समय से सेवा दे रहे शिक्षक पहले से ही पारिवारिक जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं, ऐसे में टेट परीक्षा उनके लिए बड़ी समस्या बन गई है। इसी को देखते हुए प्रदेश भर के शिक्षक देश के उच्च पदों पर आसीन माननीयों को पत्र भेजकर 2011 से पहले नियुक्त शिक्षकों को टेट परीक्षा से मुक्त करने की मांग कर रहे हैं।इस अवसर पर श्याम जी वर्मा, डॉ. विवेक चौधरी, सुशीला पांडेय, शीला कुमारी, मंजू पाठक, अमित यादव, आलोक वर्मा, पंचू राम यादव, इंकलाब हैदर खान, राजेश यादव, अरविंद यादव, अवधेश वर्मा, जगदीश, ओम प्रकाश कनौजिया, ओम प्रकाश गौतम सहित सैकड़ों शिक्षक मौजूद रहे।