Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

माँ पाटेश्वरी शक्ति संवाद में महिलाओं की समस्याओं पर आयुक्त सख्त

रिपोर्ट – ब्यूरो गोण्डा

सार्वजनिक रास्ते पर कब्जे की शिकायत पर एसडीएम सदर को जांच के निर्देश

गोंडा। मंडलायुक्त देवीपाटन मंडल शशि भूषण लाल सुशील की अध्यक्षता में सोमवार को मंडल मुख्यालय स्थित आयुक्त कार्यालय में माँ पाटेश्वरी शक्ति संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत महिलाओं की विशेष जनसुनवाई में विभिन्न क्षेत्रों से आई चार महिलाओं ने अपनी समस्याएं मंडलायुक्त के समक्ष रखीं। मंडलायुक्त ने सभी प्रार्थनाओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए तथा कहा कि महिलाओं की समस्याओं का त्वरित एवं निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित किया जाए।जनसुनवाई के दौरान ग्राम सुरती पुरवा, मौजा रामनगर तरतर, थाना कोतवाली देहात निवासी सूर्यकला देवी पत्नी भवानी भीख ने मंडलायुक्त को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनके घर तक जाने वाला रास्ता गांव का सार्वजनिक मार्ग है, जो गांव से बाहर निकलता है। आरोप है कि गांव के कुछ लोगों द्वारा उक्त सार्वजनिक रास्ते पर अवैध रूप से टीन शेड रखकर कब्जा कर लिया गया है, जिससे उनके परिवार को आवागमन में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। प्रार्थिनी ने बताया कि जब भी वह या उनका परिवार उस रास्ते से गुजरने का प्रयास करता है तो विपक्षीगण उन्हें लाठी लेकर मारने की धमकी देते हैं और रास्ते से गुजरने से मना करते हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उनके पति द्वारा पूर्व में भी प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना दी जा चुकी है, किंतु अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी है। मामले को गंभीरता से लेते हुए मंडलायुक्त ने उपजिलाधिकारी सदर को निर्देशित किया कि प्रकरण की जांच कर एक सप्ताह के भीतर विस्तृत आख्या मंडलायुक्त कार्यालय को प्रेषित करें तथा यदि सार्वजनिक मार्ग पर अवैध कब्जा पाया जाए तो उसे तत्काल हटवाकर पीड़िता को न्याय दिलाया जाए। इसी प्रकार जनसुनवाई में बहराइच के पयागपुर के पचदेवरा निवासिनी फुलझरा ने जालसाजी कर संपत्ति हड़पने के प्रयास की शिकायत करते हुए न्याय की गुहार लगाई। प्रार्थिनी ने बताया कि उसकी माता की मृत्यु के उपरांत जमीन का बैनामा उसके नाम किया गया था, लेकिन विपक्षीगणों द्वारा कथित रूप से फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र तैयार कराकर संपत्ति पर अवैध कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। महिला का आरोप है कि शिकायत करने के बावजूद अभी तक पुलिस द्वारा कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए मंडलायुक्त ने पुलिस अधीक्षक गोंडा को निर्देशित किया कि प्रकरण की गहन जांच कराई जाए तथा यदि जालसाजी और अवैध कब्जे का मामला सही पाया जाए तो दोषियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने एक सप्ताह के भीतर जांच आख्या उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप महिलाओं की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए माँ पाटेश्वरी शक्ति संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, ताकि पीड़ित महिलाओं को समयबद्ध और प्रभावी न्याय मिल सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिलाओं से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। कार्यक्रम के दौरान अपर आयुक्त मीनू राणा सहित संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.