पीएम आवास योजना (शहरी) 2.0 : 210 लाभार्थियों के खातों में पहुंची पहली किस्त
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
बलरामपुर।प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत जनपद बलरामपुर के 210 लाभार्थियों के बैंक खातों में पहली किस्त की धनराशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की गई। आदर्श नगरपालिका परिषद के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और नगर विकास मंत्री के संबोधन को लाभार्थियों ने सुना।प्रदेश स्तर पर इस योजना के अंतर्गत करीब 90 हजार लाभार्थियों के खातों में लगभग 900 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी की गई। वहीं बलरामपुर जिले में बलरामपुर नगर के 31, उतरौला के 38, गैसड़ी के 74, पचपेड़वा के 35 और तुलसीपुर के 32 लाभार्थियों को योजना का लाभ मिला।इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी शिव नारायण सिंह ने लाभार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पहली किस्त प्राप्त करने वाले लाभार्थी जल्द से जल्द अपने आवास का निर्माण कार्य शुरू करें, ताकि निरीक्षण के बाद उन्हें दूसरी और तीसरी किस्त भी समय पर मिल सके। उन्होंने बताया कि योजना के तहत पहली किस्त एक लाख रुपये, दूसरी किस्त एक लाख रुपये और तीसरी किस्त 50 हजार रुपये प्रदान की जाती है।उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि योजना का लाभ लेने के लिए किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को कोई धनराशि देने की आवश्यकता नहीं है। यदि कोई व्यक्ति पैसे की मांग करता है तो उसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि उसके खिलाफ कार्रवाई की जा सके।कार्यक्रम के दौरान कई लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। इस मौके पर ईओ एवं पीओ डूडा लाल चन्द्र मौर्य, अध्यक्ष प्रतिनिधि डी.पी. सिंह बैस, डूडा प्रबंधक अखिलेश कुमार सिंह, सीएलटीसी डूडा कृष्ण मुनि सहित बड़ी संख्या में लाभार्थी मौजूद रहे। लाभार्थियों ने सरकार की इस योजना के लिए आभार जताया।