बालिका प्रीमियर लीग की विजेता टीम ने किया कलेक्ट्रेट का शैक्षिक भ्रमण
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
जिलाधिकारी ने बालिकाओं का किया उत्साहवर्धन, पर्वतारोहण के लिए नई पहल की घोषणा
बलरामपुर।जनपद में आयोजित बालिका प्रीमियर लीग की विजेता टीम की बालिकाओं ने कलेक्ट्रेट का शैक्षिक भ्रमण किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने बालिकाओं से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा प्रशासनिक कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी साझा की।जिलाधिकारी ने बालिकाओं से संवाद करते हुए कहा कि शिक्षा और खेल दोनों ही जीवन में आगे बढ़ने के महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने बालिकाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि निरंतर परिश्रम और अनुशासन से वे जीवन में बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकती हैं। जिलाधिकारी ने विजेता टीम को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बालिकाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना को मजबूत करती हैं।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने एक नई पहल की घोषणा करते हुए कहा कि जनपद के बेसिक विद्यालयों की बालिकाएं सभी क्षेत्र में आगे है।बेसिक शिक्षा विभाग की 10 प्रतिभाशाली बालिकाओं का चयन किया जाएगा, जिन्हें माउंट एवरेस्ट फतह के लक्ष्य के साथ पर्वतारोहण का विशेष प्रशिक्षण दिलाया जाएगा और अभियान के लिए तैयार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह पहल बालिकाओं के साहस और आत्मविश्वास को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का माध्यम बनेगी तथा जनपद की बेटियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर भी प्रदान करेगी।इस दौरान बालिकाओं ने कलेक्ट्रेट की विभिन्न शाखाओं के कार्यों के बारे में जानकारी प्राप्त की और प्रशासनिक व्यवस्था को करीब से समझा।बालिकाओं ने इस अवसर को अपने लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि इससे उन्हें भविष्य में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने की प्रेरणा मिली है।जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद प्रशासन का प्रयास है कि “बेटी पढ़े, बेटी बढ़े” की भावना को मजबूत करते हुए बालिकाओं को शिक्षा, खेल और साहसिक गतिविधियों में आगे बढ़ने के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराए जाएं।इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी व अन्य संबंधित अधिकारी, कर्मचारीगण उपस्थित रहें।