Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

प्रदेश सरकार के नव निर्माण के 9 वर्ष तथा केंद्र सरकार के 11 वर्ष पूर्ण

रिपोर्ट- आचार्य स्कन्द दास

उपलब्धियों पर आधारित सूचना विभाग की एक भव्य प्रदर्शनी का आयोजन

अयोध्या।प्रदेश सरकार के नव निर्माण के 9 वर्ष तथा केंद्र सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों पर आधारित सूचना विभाग की एक भव्य प्रदर्शनी का आयोजन सर्किट हाउस, अयोध्या में किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्य अतिथि मा0 महापौर अयोध्या महंत गिरीशपति त्रिपाठी जी द्वारा किया गया।उद्घाटन के पश्चात महापौर ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विभिन्न विभागों की संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त की। प्रदर्शनी में सरकार द्वारा बीते वर्षों में किए गए कार्यों को चित्रों, चार्ट्स एवं डिजिटल माध्यमों के जरिए आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिससे आमजन को योजनाओं की विस्तृत जानकारी मिल सके।
अपने संबोधन में महापौर ने प्रदेश सरकार की 9 वर्षों की उपलब्धियों को साझा करते हुए कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक प्रभावी रूप से पहुंच रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में आधारभूत संरचना के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है, जिसके अंतर्गत सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं का व्यापक विस्तार किया गया है।उन्होंने आगे कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण हेतु अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिससे उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल रहा है। साथ ही प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है, जिससे आमजन में सुरक्षा की भावना सुदृढ़ हुई है। इस अवसर पर उपक्रम समिति के सदस्यों ने भी प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
इस अवसर पर संबंधित अधिकारीगण, जनप्रतिनिधि एवं आमजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.