Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

बलरामपुर में चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप, 13 माह की मासूम की मौत से मचा हड़कंप

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

बलरामपुर। जनपद में स्वास्थ्य व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। जिला मेमोरियल अस्पताल में 13 माह की मासूम बच्ची की मौत के बाद परिजनों ने चिकित्सकों पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। घटना के बाद अस्पताल परिसर में गम और आक्रोश का माहौल है, वहीं मासूम की मां का रो-रोकर बुरा हाल है और वह बार-बार बेहोश हो रही हैं।जानकारी के मुताबिक, नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी संतोष शुक्ला अपनी 13 माह की बेटी प्रियांशी को बीते 1 अप्रैल को बुखार की शिकायत पर जिला मेमोरियल अस्पताल लेकर पहुंचे थे। परिजनों का कहना है कि अस्पताल में मौजूद चिकित्सक ने बच्ची को भर्ती कर लिया और इलाज शुरू किया गया।मृतका के पिता का आरोप है कि भर्ती के अगले दिन 2 अप्रैल को कोई डॉक्टर बच्ची को देखने तक नहीं आया, जबकि उसकी हालत लगातार बिगड़ती जा रही थी। कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई संतोषजनक इलाज नहीं मिला। अस्पताल कर्मियों द्वारा मौसम बदलाव का हवाला देकर स्थिति को सामान्य बताया जाता रहा।परिजनों के अनुसार, तीसरे दिन सुबह जब डॉक्टर पहुंचे तब तक बच्ची की हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी। इसके बाद उपचार और ऑक्सीजन देने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और मासूम ने दम तोड़ दिया।पिता संतोष शुक्ला का आरोप है कि यदि समय रहते सही इलाज और निगरानी मिलती तो उनकी बेटी की जान बच सकती थी। उन्होंने चिकित्सकों की लापरवाही को मौत की वजह बताया है।घटना की सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।इस घटना ने एक बार फिर जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं और जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.