जनगणना प्रशिक्षण की तैयारियों को लेकर डीएम की समीक्षा बैठक सम्पन्न
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
23 अप्रैल से शुरू होगा प्रगणक एवं सुपरवाइजर का तीन दिवसीय प्रशिक्षण
बलरामपुर।जनपद मे जनगणना कार्य को सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराने हेतु जनगणना प्रगणक एवं सुपरवाइजर के प्रशिक्षण कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई।बैठक में जनपद की सभी तहसीलों के उपजिलाधिकारी एसडीएम, तहसीलदार, नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी, खंड विकास अधिकारी तथा खंड शिक्षा अधिकारी व अन्य संबंधित अधिकारी जुड़े रहे। बैठक के दौरान 23 अप्रैल 2026 से प्रारंभ होने वाले तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई।जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि तहसील स्तर एवं नगरीय निकाय स्तर पर आयोजित होने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रम को पूरी गंभीरता एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं जैसे बैठने की उचित व्यवस्था, पेयजल, विद्युत, प्रशिक्षण सामग्री एवं तकनीकी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।डीएम ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले सभी प्रगणकों एवं सुपरवाइजर्स का प्रशिक्षण के उपरांत मूल्यांकन (टेस्ट) कराया जाए, जिससे प्रशिक्षण की गुणवत्ता का आकलन किया जा सके तथा यह सुनिश्चित किया जा सके कि सभी कार्मिक जनगणना कार्य की प्रक्रिया, प्रारूप एवं तकनीकी पहलुओं को भली-भांति समझ चुके हैं।उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसमें शत-प्रतिशत शुद्धता एवं पारदर्शिता अपेक्षित है। अतः प्रशिक्षण के दौरान प्रत्येक बिंदु को गंभीरता से समझाया जाए तथा फील्ड स्तर पर किसी भी प्रकार की त्रुटि की संभावना को समाप्त किया जाए।बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें एवं निर्धारित समयसीमा में सभी तैयारियां पूर्ण कर लें, जिससे जनपद में जनगणना कार्य सुचारू रूप से संपन्न कराया जा सके।