पुलिस टीम द्वारा 30 किलो 982 ग्राम मादक पदार्थों को किया गया विनिष्टीकरण
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
बलरामपुर।उत्तर प्रदेश शासन एवं पुलिस महानिदेशक के निर्देशों के क्रम में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन दहन’ के अंतर्गत जनपद बलरामपुर में आज एक महत्वपूर्ण कार्यवाही संपन्न हुई। पुलिस अधीक्षक बलरामपुर विकास कुमार के कुशल निर्देशन मे व अपर पुलिस अधीक्षक बलरामपुर विशाल पाण्डेय के पर्यवेक्षण में, जनपद के विभिन्न थानों द्वारा जब्त किए गए भारी मात्रा में मादक पदार्थों को आज विधिवत नष्ट किया गया। जनपद के थाना कोतवाली देहात, गौरा चौराहा, कोतवाली जरवा, कोतवाली गैसड़ी व थाना पचपेड़वा से संबंधित कुल 21 अभियोगों में न्यायालय के आदेशानुसार निस्तारित किए गए 30 किलो 982 ग्राम कुल अनुमानित मूल्य 6,789,500 ₹ अवैध मादक पदार्थों चरस, गांजा, स्मैक आदि का विनिष्टीकरण किया गया। विषाक्त पदार्थों के सुरक्षित निस्तारण हेतु निर्धारित मानकों का पालन करते हुए यह कार्यवाही बलरामपुर चीनी मिल्स में स्थित पॉवर प्लान्ट में पर्यावरण संरक्षण और सुरक्षा नियमों को ध्यान में रखते हुए उच्च क्षमता वाले ‘इंसीनरेटर’ के माध्यम से मादक पदार्थों को भस्मीभूत किया गया। संपूर्ण विनिष्टीकरण प्रक्रिया क्षेत्राधिकारी नगर श्रीमती ज्योतिश्री की उपस्थिति एवं गठित कमेटी की निगरानी में पारदर्शी तरीके से पूर्ण कराई गई।