डीएम की अध्यक्षता में स्वच्छ भारत मिशन (नगरीय) की समीक्षा बैठक संपन्न
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन व सोर्स सेग्रीगेशन पर विशेष जोर
बलरामपुर।कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में स्वच्छ भारत मिशन (नगरीय) के अंतर्गत जनपद के नगर निकायों में संचालित स्वच्छता कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर निकायों में साफ-सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने पर विशेष चर्चा की गई।बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने नगर निकायों में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन, सार्वजनिक, सामुदायिक एवं पिंक शौचालयों की क्रियाशीलता, एमआरएफ केंद्रों की स्थिति, सोर्स सेग्रीगेशन (कचरे का स्रोत पर पृथक्करण) तथा आईईसी गतिविधियों की गहन समीक्षा की।जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि नगर क्षेत्र में प्रत्येक घर से नियमित रूप से कूड़ा संग्रहण सुनिश्चित किया जाए, ताकि कहीं भी कूड़ा इकट्ठा न होने पाए और स्वच्छता व्यवस्था बनी रहे। उन्होंने कहा कि कूड़ा निस्तारण की समुचित व्यवस्था के साथ-साथ नागरिकों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करना अत्यंत आवश्यक है।उन्होंने नगर निकायों को निर्देशित किया कि सार्वजनिक एवं सामुदायिक शौचालयों की नियमित साफ-सफाई, जल आपूर्ति एवं उपयोगिता की सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए, जिससे आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। साथ ही एमआरएफ केंद्रों को पूर्ण रूप से क्रियाशील रखते हुए कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण एवं पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) को बढ़ावा देने पर बल दिया गया।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से सोर्स सेग्रीगेशन को प्रभावी रूप से लागू करने के निर्देश देते हुए कहा कि गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग एकत्रित करने की व्यवस्था को हर घर तक पहुंचाया जाए, जिससे कचरा प्रबंधन अधिक सुगम एवं पर्यावरण अनुकूल बन सके।इसके अतिरिक्त, उन्होंने निर्देशित किया कि आईईसी गतिविधियों को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी तरीके से संचालित किया जाए, ताकि जनसामान्य को स्वच्छता के प्रति प्रेरित किया जा सके। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन की सफलता जनभागीदारी पर निर्भर करती है, इसलिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाना आवश्यक है।बैठक में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि स्वच्छता से जुड़े सभी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करें तथा जनपद को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक शिव नारायण सिंह, अधिशासी अधिकारी नगर निकाय एवं अन्य कर्मचारीगण उपस्थित रहे।