Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

डीएम की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न, दुर्घटना रोकथाम हेतु दिए गए सख्त निर्देश

रिपोर्ट ब्यूरो बलरामपुर

ब्लैक स्पॉट चिन्हांकन व सुधारात्मक कार्यवाही तेज करने के निर्देश

बलरामपुर।जनपद में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं सुगम बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न हुई।बैठक के दौरान जिलाधिकारी द्वारा विगत माह में घटित सड़क दुर्घटनाओं का विस्तृत विश्लेषण (ऑडिट) कराया गया। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी द्वारा दुर्घटनाओं के कारणों, संवेदनशील स्थलों तथा यातायात संबंधी कमियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि दुर्घटनाओं के चिन्हित कारणों के आधार पर संबंधित विभागों द्वारा तत्काल सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।जिलाधिकारी ने ब्लैक स्पॉट (दुर्घटना संभावित स्थल) चिन्हांकन की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि सभी चिन्हित स्थलों पर आवश्यक सुरक्षा उपाय जैसे—स्पीड लिमिट बोर्ड, चेतावनी संकेतक (साइन बोर्ड) एवं रिफ्लेक्टर अनिवार्य रूप से लगाए जाएं। उन्होंने विशेष रूप से सभी नहरों की पुलियों पर रिफ्लेक्टर लगाए जाने के निर्देश दिए, जिससे रात्रि के समय दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके।यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी ने चौराहों एवं मुख्य मार्गों पर स्थित पेड़ों की नियमित छंटाई कराने के निर्देश दिए, ताकि दृश्यता (विजिबिलिटी) में किसी प्रकार की बाधा न हो। इसके साथ ही उन्होंने नगर क्षेत्र के वीर विनय चौराहे पर यातायात सुगमता हेतु डिवाइडर निर्माण की कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र कार्यवाही प्रारंभ करने के निर्देश दिए।नगर क्षेत्र में बढ़ते ई-रिक्शा संचालन को सुव्यवस्थित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को ई-रिक्शा के लिए निर्धारित रूट तय करने के निर्देश दिए, जिससे जाम की समस्या कम हो तथा यातायात सुचारू रूप से संचालित हो सके।इसके अतिरिक्त, जिलाधिकारी ने भगवतीगंज रोड पर विद्युत पोल के शिफ्टिंग की कार्यवाही शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जनपद में संचालित स्कूल वाहनों की सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि अब स्कूल वाहनों की निगरानी पोर्टल के माध्यम से की जाएगी। इस संबंध में अवगत कराया गया कि अब तक कुल 358 स्कूल वाहनों को पोर्टल पर ऑनबोर्ड किया जा चुका है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष सभी विद्यालयों के वाहनों को भी शीघ्रता से पोर्टल पर ऑनबोर्ड कराते हुए उनकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.