Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

श्रमिक कल्याण योजनाओं व नई श्रम संहिताओं पर हुआ व्यापक संवाद

बलरामपुर।अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर विकास भवन सभागार में एक दिवसीय विशेष कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी डॉ विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रमिकों, व्यापारी प्रतिनिधियों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं की सहभागिता रही।कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव यशपाल वर्मा, प्रशिक्षु आईएएस शिवांश सुभाष जगाड़े, सहायक श्रमायुक्त दिनेश कुमार विश्वकर्मा, श्रम प्रवर्तन अधिकारी रिजवान खान एवं शिशिर कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण किया गया, जिसमें श्रमिकों के कल्याण हेतु संचालित योजनाओं एवं नीतियों की जानकारी दी गई।कार्यक्रम के दौरान डीएम द्वारा श्रमिकों से संवाद किया गया , श्रमिकों द्वारा अपनी समस्याएं एवं सुझाव भी साझा किए गए, जिस पर डीएम ने त्वरित निस्तारण एवं समाधान के निर्देश संबंधित को दिए।कार्यक्रम में विशेषज्ञों द्वारा भारत सरकार द्वारा लागू की गई नवीन श्रम संहिताओं के प्रमुख प्रावधानों—जैसे वेतन, सामाजिक सुरक्षा, औद्योगिक संबंध एवं कार्यस्थल सुरक्षा—को सरल एवं व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से समझाया गया, जिससे श्रमिकों को इन कानूनों के प्रति स्पष्ट समझ विकसित हो सके।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव द्वारा श्रमिकों को उनके संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता की व्यवस्था तथा श्रमिकों के हितों की सुरक्षा हेतु उपलब्ध तंत्र के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।सहायक श्रमायुक्त द्वारा श्रम विभाग एवं उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं—जैसे श्रमिक पंजीकरण, मातृत्व लाभ, शिक्षा सहायता, चिकित्सा सहायता एवं अन्य आर्थिक सहायता योजनाओं—की जानकारी प्रदान की गई तथा पात्र श्रमिकों से इन योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया गया।जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन ने में कहा कि श्रमिक समाज किसी भी राष्ट्र की प्रगति की रीढ़ होते हैं। उनके परिश्रम, समर्पण एवं योगदान से ही विकास की नींव मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि शासन एवं जिला प्रशासन श्रमिकों के कल्याण, सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद के प्रत्येक पात्र श्रमिक का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए तथा सभी लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए। साथ ही श्रमिकों से अपील की कि वे अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें और शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाएं।इस दौरान सम्बंधित अधिकारी,कर्मचारीगण उपस्थित रहें।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.