डीएम की अध्यक्षता में तहसील उतरौला में संपूर्ण समाधान दिवस संपन्न
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
डीएम का निर्देश—गांव-गांव चौपाल लगाकर मौके पर समाधान
बलरामपुर।तहसील उतरौला में जिलाधिकारी डॉ विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक विकास कुमार उपस्थित रहें।इस अवसर पर जनमानस की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्राप्त प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि भूमि विवाद एवं लॉ एंड ऑर्डर से जुड़े मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर जाकर प्रभावी कार्रवाई करते हुए त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करे।संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने विशेष रूप से ऐसे ग्रामों की पहचान करने के निर्देश दिए, जहां भूमि विवादों के मामले अधिक संख्या में लंबित हैं। उन्होंने कहा कि इन ग्रामों में राजस्व एवं पुलिस विभाग द्वारा संयुक्त रूप से ‘चौपाल’ आयोजित कर मौके पर ही शिकायतों का निस्तारण किया जाए।उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि चौपाल के माध्यम से न केवल विवादों का समाधान किया जाए, बल्कि ग्रामीणों को राजस्व संबंधी प्रक्रियाओं एवं अधिकारों के प्रति भी जागरूक किया जाए, जिससे भविष्य में विवादों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान प्राप्त कुछ शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया, जबकि अन्य प्रकरणों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए निर्देश दिए गए कि वे स्वयं मौके पर जाकर निर्धारित समयावधि में निस्तारण सुनिश्चित करें।कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी द्वारा प्राप्त समस्त प्रार्थना पत्रों की निस्तारण स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई एवं लंबित मामलों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान ही प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।इस दौरान प्रशिक्षु आईएएस शशांक , एसडीएम उतरौला , सीओ उतरौला , मुख्य चिकित्सा अधिकारी,जिला विकास अधिकारी, उपायुक्त मनेरगा,जिला पंचायत राज अधिकारी,जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी व अन्य संबंधित अधिकारी, कर्मचारीगण उपस्थित रहें।