Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

उतरौला में बारिश-तेज हवा से हादसा, ई-रिक्शा पर पेड़ गिरा, चालक की मौत

रिपोर्ट – तसलीम खान

बदलपुर-धुसवा मार्ग पर फायर स्टेशन के सामने हुआ हादसा, गांव में पसरा मातम

तेज हवाओं से दर्जनों पेड़ धराशाई, सड़कों पर सफर बना खतरा

उतरौला, तेज बारिश और हवाओं के झोंकों ने उतरौला क्षेत्र में कहर बरपाया है। सोमवार दोपहर बदलपुर-धुसवा मार्ग पर फायर स्टेशन के सामने एक ई-रिक्शा पर अचानक पेड़ गिरने से चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान बढ़या पकड़ी निवासी तुलाराम (32) पुत्र बेकारू के रूप में हुई है।घटना दोपहर करीब 1 बजे की है। तुलाराम ई-रिक्शा लेकर बदलपुर की तरफ जा रहा था। इसी दौरान तेज हवा और बारिश के बीच सड़क किनारे लगा विशाल पेड़ अचानक ई-रिक्शा पर आ गिरा। पेड़ के नीचे दबने से तुलाराम की मौके पर ही मौत हो गई। ई-रिक्शा भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।हादसे की सूचना मिलते ही बढ़या पकड़ी गांव में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला था।

सड़कों पर खतरा बढ़ा।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले 24 घंटे से रुक-रुक कर हो रही बारिश और तेज हवाओं से क्षेत्र में दर्जनों पेड़ धराशाई हो चुके हैं। कई जगह बिजली के तार भी टूटे हैं। सड़कों पर गिरे पेड़ों से आवागमन बाधित है और यात्रा करना सुरक्षित नहीं रह गया है।सूचना पर पहुंची उतरौला कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.