Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

प्रातः 09 बजे डीएम ने जिला संयुक्त चिकित्सालय का किया औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति परखी

रिपोर्ट ब्यूरो बलरामपुर

वार्ड, ओपीडी, एक्स-रे एवं सीटी स्कैन कक्ष का निरीक्षण कर मरीजों से जाना हालचाल, अनुपस्थित चिकित्सकों पर कार्रवाई के निर्देश

साफ-सफाई बेहतर व्यवस्था, शौचालयों की नियमित सफाई एवं मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के दिए निर्देश

बलरामपुर।जिलाधिकारी डॉ विपिन कुमार जैन द्वारा प्रातः 09 बजे जिला संयुक्त चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल परिसर में संचालित विभिन्न व्यवस्थाओं का गहनता से निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी द्वारा अस्पताल के वार्ड, ओपीडी, एक्स-रे कक्ष, सीटी स्कैन कक्ष सहित विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया गया। उन्होंने ओपीडी में पहुंचकर मरीजों के उपचार की स्थिति देखी तथा चिकित्सकों द्वारा मरीजों को दिए जा रहे परामर्श एवं उपचार व्यवस्था का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों एवं तीमारदारों से संवाद कर अस्पताल में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, दवाओं, जांच एवं उपचार व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त की।निरीक्षण के दौरान कुछ चिकित्सक अनुपस्थित पाए गए, जिस पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए अनुपस्थित चिकित्सकों का वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा अस्पताल में निर्धारित समय पर चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।जिलाधिकारी ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वार्डों एवं शौचालयों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए तथा कहा कि मरीजों एवं उनके परिजनों को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पताल परिसर में स्वच्छता व्यवस्था लगातार मॉनिटर की जाए तथा किसी भी प्रकार की शिकायत की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जाए।जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशानुरूप मरीजों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए सभी चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी पूर्ण जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।निर्माणाधीन 100 बेडेड क्रिटिकल केयर यूनिट का किया निरीक्षण।इसके उपरांत जिलाधिकारी द्वारा संयुक्त जिला चिकित्सालय परिसर में निर्माणाधीन 100 बेडेड क्रिटिकल केयर यूनिट का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित समयावधि के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्माण कार्य पूर्ण किए जाने के निर्देश दिए।इस दौरान सीएमएस संयुक्त जिला चिकित्सालय व अन्य संबंधित अधिकारी, कर्मचारीगण उपस्थित रहें।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.