Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

डीएम ने थारू विकास परियोजना विशुनपुर विश्राम का किया निरीक्षण

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

जिलाधिकारी ने थारू जनजाति के ग्राम प्रधानों, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं एवं क्षेत्र के गणमान्य लोगों से संवाद किया, स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर दिया जोर

बलरामपुर।जिलाधिकारी डॉ विपिन कुमार जैन द्वारा थारू जनजाति विकास परियोजना विशुनपुर विश्राम का निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं पशु चिकित्सालय पहुंचकर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य एवं पशु चिकित्सा सेवाओं की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं को और अधिक बेहतर एवं प्रभावी बनाए जाने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वहीं पशु चिकित्सालय में पशुओं के उपचार, टीकाकरण एवं अन्य सुविधाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को ग्रामीणों एवं पशुपालकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए।इसके उपरांत जिलाधिकारी ने थारू जनजाति के ग्राम प्रधानों, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं एवं क्षेत्र के गणमान्य लोगों से संवाद किया। संवाद के दौरान उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाए जाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का सशक्त माध्यम हैं तथा इनके माध्यम से महिलाओं की आय में वृद्धि कर उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाया जा सकता है।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ते हुए उन्हें रोजगारपरक गतिविधियों से जोड़ा जाए। उन्होंने विशेष रूप से कालीन निर्माण जैसे पारंपरिक एवं रोजगारपरक कार्यों से महिलाओं को जोड़ने पर बल दिया, ताकि महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकें और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो सके।इस दौरान जिलाधिकारी ने राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय विशुनपुर विश्राम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में छात्र-छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, साफ-सफाई, भोजन व्यवस्था, आवासीय व्यवस्थाओं एवं शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं बेहतर बनाए रखने एवं विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि थारू जनजाति बाहुल्य क्षेत्रों के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आजीविका संवर्धन को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी व अन्य संबंधित अधिकारी, कर्मचारीगण उपस्थित रहें।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.