डीएम ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से एलपीजी वितरण व्यवस्था की समीक्षा की
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
अनियमितता पर बड़ी कार्रवाई, यादव भारत गैस एजेंसी के प्रोपराइटर, प्रबंधक एवं एक अन्य के विरुद्ध एफआईआर दर्ज
एलपीजी सिलेंडरों की आमद और वितरण में लगातार सुधार, बैकलॉग कम करने हेतु प्रशासन सक्रिय
बलरामपुर।जिलाधिकारी डॉ विपिन कुमार जैन द्वारा शुक्रवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जनपद में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों के वितरण व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी, तीनों तेल कंपनियों के सेल्स अधिकारी, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी, समस्त पूर्ति निरीक्षक एवं जिले की सभी गैस एजेंसियों के प्रोपराइटर एवं प्रबंधक उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद के सभी एलपीजी उपभोक्ताओं को समयबद्ध एवं सुचारू रूप से घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा होम डिलीवरी व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।बैठक में एलपीजी सिलेंडरों की उपलब्धता, वितरण, लंबित बुकिंग एवं बैकलॉग की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने तेल कंपनियों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि अधिक मांग वाली एजेंसियों पर अतिरिक्त ट्रक लोड उपलब्ध कराकर शीघ्र बैकलॉग समाप्त कराया जाए। जनपद में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति एवं वितरण की स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है। जिले की 39 गैस एजेंसियों पर लंबित घरेलू गैस बुकिंग की संख्या दिनांक 14 मई 2026 को 29,692 थी, जो 15 मई 2026 को घटकर 28,427 रह गई है।इसी प्रकार दिनांक 14 मई 2026 को 2,854 घरेलू गैस सिलेंडरों की आमद हुई थी, जबकि 15 मई 2026 को 4,004 सिलेंडरों की आमद दर्ज की गई। वितरण व्यवस्था भी निरंतर जारी है। दिनांक 12 मई को 6,147, 13 मई को 5,727 तथा 14 मई को 5,782 घरेलू सिलेंडरों का वितरण किया गया था, जबकि 15 मई को सायं 5 बजे तक 4,350 सिलेंडरों का वितरण किया जा चुका है।
बैकलॉग कम करने के लिए बुकिंग ट्रांसफर व्यवस्था लागू जनपद की कुछ गैस एजेंसियों पर अपेक्षाकृत अधिक पेंडिंग बुकिंग पाए जाने पर जिला प्रशासन द्वारा विशेष व्यवस्था लागू की गई है। राप्ती गैस सर्विस, बालाजी भारत गैस सर्विस बलरामपुर,बालाजी इंडेन गैस सर्विस उतरौला, महाबीर इंडेन गैस सर्विस पहलवारा, जनसेवा एचपी गैस ग्रामीण वितरक गैंड़ास बुजुर्ग एवं चौधरीडीह भारत गैस ग्रामीण वितरक सतघरवा पर सर्वाधिक लंबित बुकिंग दर्ज की गई है।स्थिति को सामान्य बनाने के उद्देश्य से राप्ती गैस सर्विस, आनंदबाग बलरामपुर की 650 लंबित बुकिंग को वृंदावन भारत गैस श्रीदत्तगंज पर स्थानांतरित किया गया है, ताकि वहां उपलब्ध अतिरिक्त घरेलू सिलेंडरों का वितरण संबंधित उपभोक्ताओं को कराया जा सके। प्रशासन के निर्देश पर वृंदावन भारत गैस द्वारा आज संबंधित उपभोक्ताओं के क्षेत्रों में वितरण कार्य कराया जा रहा है।जिले में गैस वितरण व्यवस्था में अनियमितता पाए जाने पर जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा बड़ी कार्रवाई की गई है। हरिहरगंज बाजार निवासी असद अली द्वारा थाना कोतवाली देहात में शिकायत दर्ज कराई गई थी कि उनके दिवंगत पिता मो. जलील के नाम दर्ज घरेलू गैस कनेक्शन में अनधिकृत रूप से मोबाइल नंबर बदलकर दूसरे व्यक्तियों को सिलेंडर वितरित किए जा रहे हैं।शिकायत के उपरांत पुलिस एवं आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीम द्वारा जांच की गई।जांच में पाया गया कि गैस एजेंसी के प्रबंधक एवं संबंधित व्यक्तियों द्वारा कूटरचना करते हुए वास्तविक उपभोक्ता के स्थान पर अनधिकृत व्यक्ति का मोबाइल नंबर अंकित कर घरेलू गैस सिलेंडरों की डिलीवरी दी गई।जांच में यह भी सामने आया कि मो. जलील की मृत्यु वर्ष 2023 में हो चुकी थी, इसके बावजूद संबंधित कनेक्शन पर लगातार गैस सिलेंडरों की डिलीवरी दी जाती रही। यह कृत्य आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 एवं उ.प्र. द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (वितरण एवं विनियमन) आदेश-2000 के प्रावधानों का स्पष्ट उल्लंघन पाया गया।तत्पश्चात यादव भारत गैस ग्रामीण वितरक सेखुई कला के प्रोपराइटर दिनेश यादव, गैस एजेंसी के प्रबंधक आलोक यादव एवं हिमांशु कसौधन के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 सहित संबंधित धाराओं में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है।जनपद में एलपीजी वितरण व्यवस्था की सतत निगरानी के लिए जिला प्रशासन द्वारा तीन जिला स्तरीय अधिकारियों को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी श्री यशवंत मौर्य, जिला गन्ना अधिकारी श्री संजय कुमार एवं सहायक अभियंता लघु सिंचाई विभाग श्री अभिषेक पटेल को विभिन्न विकासखंडों में गैस सिलेंडर वितरण व्यवस्था के अनुश्रवण की जिम्मेदारी सौंपी गई है।जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में एलपीजी की कोई कमी नहीं है तथा स्थिति पूरी तरह सामान्य है। प्रशासन प्रत्येक उपभोक्ता तक सुगमता से घरेलू गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने के लिए पूर्ण रूप से कटिबद्ध है।