Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

साइबर ठगी के शिकार युवक को पुलिस ने लौटाए 27 हजार रुपये

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

फेसबुक के फर्जी लिंक से उड़े 27 हजार, पुलिस की तत्परता से वापस मिली रकम

गैंडास बुर्जुग,बलरामपुर। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना गैंडास बुजुर्ग पुलिस ने तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए साइबर ठगी का शिकार हुए एक व्यक्ति के खाते में 27 हजार रुपये की धनराशि सफलतापूर्वक वापस कराई है। धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त करते हुए उनकी सराहना की।जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के बड़हरी पुरैना निवासी मोहम्मद उस्मान पुत्र मोहम्मद खालिक के मोबाइल फोन पर 23 मई 2026 को फेसबुक के माध्यम से एक फर्जी लिंक भेजा गया था। लिंक पर क्लिक करते ही उनके बैंक खाते से 27 हजार रुपये कट गए। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने तत्काल नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत प्राप्त होते ही थाना गैंडास बुजुर्ग की साइबर हेल्पडेस्क और संबंधित बैंक की टीम सक्रिय हो गई। त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगी की गई धनराशि को आरोपी के खाते में होल्ड कराया गया तथा तकनीकी जांच शुरू की गई। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया (SOP) के तहत आवश्यक विधिक औपचारिकताएं पूरी करते हुए बैंक के नोडल अधिकारी से समन्वय स्थापित किया गया।लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप पुलिस टीम ने पीड़ित की पूरी 27 हजार रुपये की धनराशि उसके बैंक खाते में वापस करा दी। रुपये वापस मिलने पर मोहम्मद उस्मान ने खुशी जाहिर करते हुए थाना गैंडास बुजुर्ग पुलिस की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशील कार्यशैली की प्रशंसा की।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक शुभम कुमार यादव एवं महिला कांस्टेबल गरिमा सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।साइबर अपराध से बचाव को लेकर पुलिस की अपील।बलरामपुर पुलिस ने जनपदवासियों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर बिना समय गंवाए तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें अथवा नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें। समय पर सूचना मिलने से ठगी गई धनराशि को वापस कराने की संभावना काफी बढ़ जाती है।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.