जिले के प्रभारी मंत्री ने बभनी बुजुर्ग में चौपाल लगाकर सरकार की बताई उपलब्धियां
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
उतरौला, बलरामपुर।सूबे के खाद्य एवं रसद आपूर्ति राज्य मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने सोमवार को बभनी बुजुर्ग के बिजौरा माफी कंपोजिट विद्यालय में चौपाल लगाकर केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर क्षेत्रीय लोगों को बधाइयां देते हुए सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए स्टाल का भी निरीक्षण किया। पात्र लाभार्थियों को घरौनी प्रमाण पत्र, आयुष्मान योजना का कार्ड व जूनियर कक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र छात्राओं को स्टडी टेबल का वितरण भी किया। अपने संबोधन में प्रभारी मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने पात्र व्यक्तियों तक पेंशन, आवास, खाद्यान्न, रसोई गैस, किसान सम्मान योजना, आयुष्मान योजना समेत जरूरी योजनाओं को पहुंचाया है। पूरे विश्व में आज भारत की साख बढ़ी है। सूबे में योगी सरकार केंद्र की योजनाओं को आगे बढ़ाने के साथ सुशासन और भयमुक्त समाज बनाने की दिशा में काम कर रही है। गुंडे, माफिया आज भूमिगत हैं और बहन बेटियों के साथ दुर्व्यवहार करने वालों का फैसला ऑन द स्पॉट किया जा रहा है। विधायक राम प्रताप वर्मा ने कहा कि जनसंघ के दिवंगत विधायक राजेंद्र प्रसाद चौधरी के जन्म स्थल पर प्रभारी मंत्री ने आकर यहां के लोगों को एहसास कराया है कि हमारी पार्टी अपने पुराने कार्यकर्ताओं के प्रति उतना ही सम्मान रखती है जितना वर्तमान कार्यकर्ता का होता है। क्षेत्र के विकास के प्रति अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति को दोहराते हुए कहा कि बिना किसी भेदभाव के हर गांव का विकास और हर पात्र व्यक्ति को सरकार की योजनाओं से आच्छादित करना उनका संकल्प है। इस दौरान सीडीओ, खंड विकास अधिकारी अवनींद्र कुमार, स्वास्थ्य अधीक्षक डाक्टर चंद्र प्रकाश, सहायक कार्यक्रम अधिकारी महेंद्र यादव,एसडीएम मनोज कुमार सरोज, तहसीलदार उतरौला,सीओ राघवेंद्र सिंह, ग्राम विकास अधिकारी संजय कुमार,अमित कुमार मौर्या,ग्राम प्रधान अमरेश चौधरी समेत जिलास्तरीय अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।