Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

डीएम की अध्यक्षता में सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक सम्पन्न

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील

बलरामपुर।आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं आपसी भाईचारे के साथ संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन एवं पुलिस अधीक्षक श्री विकास कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडे एवं अपर जिलाधिकारी न्यायिक शिव नारायण सिंह सहित जनपद के विभिन्न समुदायों के गणमान्य नागरिक एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों से विस्तारपूर्वक संवाद किया गया तथा त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन एवं आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर सुझाव प्राप्त किए गए।बैठक में नगर पालिका बलरामपुर क्षेत्र के नहरबालागंज में कर्बला स्थल पर उपस्थित सभी पक्षों एवं गणमान्य लोगों द्वारा सहमति व्यक्त की गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि नहरबालागंज स्थित कर्बला स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं समय से सुनिश्चित की जाएं, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने कहा कि जनपद की गंगा-जमुनी तहजीब एवं आपसी सौहार्द इसकी सबसे बड़ी पहचान है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि सभी त्योहारों को आपसी प्रेम, भाईचारे एवं शांति के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने कहा कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी तथा किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। उन्होंने सभी से प्रशासन का सहयोग करने एवं किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।बैठक में जनपद के गणमान्य नागरिकों ने भी प्रशासन को त्यौहारों को सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाए जाने में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.