Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

“एक पेड़ माँ के नाम” महाअभियान का शुभारंभ, विधायक राम प्रताप वर्मा ने किया पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

रेहरा बाजार (बलरामपुर)।पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तर प्रदेश के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “एक पेड़ माँ के नाम” वृक्षारोपण महाअभियान-2026 के तहत मंगलवार को बलरामपुर जिले के रेहरा बाजार क्षेत्र में भव्य पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।गोण्डा वन प्रभाग की रेहरा रेंज द्वारा आयोजित इस अभियान का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक राम प्रताप वर्मा ने पौधारोपण कर किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
विधायक राम प्रताप वर्मा ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण को संतुलित रखने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की सबसे बड़ी धरोहर भी हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा निर्धारित लगभग 35 करोड़ पौधरोपण के लक्ष्य को जनसहभागिता से पूरा किया जाएगा। प्रत्येक नागरिक यदि अपनी माँ के नाम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करने का संकल्प ले, तो प्रदेश को हराभरा बनाने का सपना आसानी से साकार हो सकता है।कार्यक्रम में रेहरा ब्लॉक प्रमुख पंकज सिंह चौहान, भाजपा नेता शुभम सिंह सहित वन विभाग के क्षेत्रीय वनाधिकारी, उपक्षेत्रीय वनाधिकारी, वन दरोगा, वनरक्षक तथा बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और क्षेत्रीय ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली।वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर फलदार, छायादार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया जा रहा है। साथ ही लगाए गए पौधों की सुरक्षा और नियमित देखभाल की भी विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि अधिकतम पौधे जीवित रह सकें।कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने “पेड़ लगाओ – पर्यावरण बचाओ” का संदेश जन-जन तक पहुंचाने और अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया। यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ जनभागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.