प्रेमी संग सात फेरे लेकर युवती बनी दुल्हन
रिपोर्ट – ब्यूरो सिद्धार्थ नगर
पिता की सहमति से दुर्गा मंदिर मे हिन्दू रीति रिवाज से हुआ विवाह
सिद्धार्थनगर डुमरियागंज । भवानीगंज थाना क्षेत्र के सागर रौजा गांव से 27 जून को प्रेम प्रसंग के चलते घर से गई युवती का विवाह बुधवार को परिजनों की सहमति से भवानीगंज स्थित दुर्गा मंदिर में उसके प्रेमी के साथ संपन्न कराया गया। विवाह के दौरान लड़की के पिता मौजूद रहे। जानकारी के अनुसार, सागर रौजा निवासी 21 वर्षीय अंजू शर्मा 27 जून को अपनी छोटी बहन के साथ घर से चली गई थी। इस मामले में युवती के पिता ने 30 जून को भवानीगंज थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए युवती, उसकी छोटी बहन तथा उसके प्रेमी को बरामद कर 9 जुलाई को परिजनों के समक्ष प्रस्तुत किया। बताया गया कि युवती ने अपनी इच्छा से प्रेमी गोपाल पाण्डेय पुत्र कुंडल बलराम, निवासी पिपरा इस्माइल चम्पा नगर, थाना खोड़ारे, जनपद गोंडा के साथ रहने की बात कही। इसके बाद दोनों परिवारों की सहमति तथा युवती के पिता की मौजूदगी में भवानीगंज स्थित दुर्गा मंदिर में दोनों का विवाह संपन्न कराया गया। प्रेमी गोपाल पाण्डेय ने बताया कि वह टेम्पो चलाने का कार्य करता है। उसकी और अंजू की पहली मुलाकात करीब पांच माह पहले चन्द्रीपघाट में हुई थी, जिसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और प्रेम संबंध स्थापित हो गए। वहीं अंजू शर्मा ने बताया कि वह अपनी मर्जी से घर से गई थी।युवती पिता ने भी विवाह पर सहमति जताते हुए कहा कि यह शादी उनकी मौजूदगी में हुई है और उन्हें इस पर कोई आपत्ति नहीं है। उक्त संबंध थानाध्यक्ष भवानीगंज विजय शंकर सिंह ने बताया कि युवती के पिता द्वारा गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी जिसके के तहत युवती को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।