Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

डीएम ने किया एनएच-158 पर निर्माणाधीन पुल एवं वेंटेड कॉजवे का निरीक्षण

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

जलस्तर बढ़ने पर यातायात अस्थायी रूप से रोका गया

पहाड़ी नाले का जलस्तर घटते ही सुरक्षित रूप से यातायात पुनः संचालित कराने के दिए निर्देश

बलरामपुर।जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने राष्ट्रीय राजमार्ग-158 के तुलसीपुर–श्रावस्ती मार्ग पर ग्राम खैर स्थित कठरिया पहाड़ी नाले पर लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्माणाधीन पुल तथा यातायात संचालन के लिए बनाए गए वैकल्पिक वेंटेड कॉजवे का स्थलीय निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अवगत कराया कि कठरिया पहाड़ी नाले पर स्थायी पुल का निर्माण कार्य प्रगति पर होने के कारण आवागमन बनाए रखने के उद्देश्य से वैकल्पिक मार्ग पर वेंटेड कॉजवे का निर्माण कराया गया है। सामान्य परिस्थितियों में नाले का जल कॉजवे के नीचे निर्मित वेंट्स (पाइप/कलवर्ट) से प्रवाहित होता है तथा वाहनों का आवागमन निर्बाध रूप से संचालित रहता है।गत दिनों क्षेत्र में हुई वर्षा के कारण पहाड़ी क्षेत्रों से अत्यधिक जलप्रवाह आने से नाले का जलस्तर तेजी से बढ़ गया, जिसके परिणामस्वरूप कुछ समय के लिए पानी वेंटेड कॉजवे की सतह के ऊपर से प्रवाहित होने लगा। सुरक्षा की दृष्टि से किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना को देखते हुए प्रशासन द्वारा एहतियातन उक्त मार्ग पर यातायात अस्थायी रूप से रोक दिया गया।जिलाधिकारी ने मौके पर पहुंचकर जलप्रवाह, कॉजवे की स्थिति तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि नाले के जलस्तर पर सतत निगरानी रखी जाए तथा जलस्तर सामान्य होने एवं कॉजवे की सतह से पानी पूरी तरह हट जाने के बाद ही सुरक्षा मानकों के अनुरूप यातायात पुनः प्रारंभ कराया जाए।उन्होंने निर्देश दिए कि कॉजवे के दोनों ओर पर्याप्त बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक तथा आवश्यकतानुसार पुलिस एवं संबंधित विभाग के कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए, जिलाधिकारी ने कहा कि बरसात के मौसम में पहाड़ी नालों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है। ऐसे में जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और आवश्यकता पड़ने पर यातायात को अस्थायी रूप से नियंत्रित करना एक एहतियाती एवं आवश्यक कदम है।उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मौसम एवं जलस्तर की लगातार निगरानी करते हुए आमजन को समय-समय पर आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराई जाएं।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.