निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों को समयबद्ध पूरा करने पर जोर
रिपोर्ट – अनवारूल हक
गैंडास बुजुर्ग (बलरामपुर)न्याय पंचायत पुरैना बुलंद के अंतर्गत जुलाई माह की संकुल शिक्षक बैठक मंगलवार को प्राथमिक विद्यालय बढ़या भैंसाही में संपन्न हुई। बैठक में निपुण भारत मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन, निपुण असेसमेंट, पठन-पाठन, लेखन कौशल विकास, छात्र नामांकन वृद्धि, उपस्थिति तथा शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। शिक्षकों को निर्देशित किया गया कि वे बच्चों के अधिगम स्तर में सुधार लाते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करें।डायट मेंटर डॉ. त्रिपुरारी पूजन ने अपने संबोधन में कहा कि निपुण भारत मिशन मात्र एक योजना नहीं, बल्कि बच्चों के भविष्य को सुदृढ़ बनाने का अभियान है। उन्होंने कक्षा 3 तक प्रत्येक बच्चे को बुनियादी भाषा एवं गणितीय दक्षता से जोड़ने पर बल देते हुए कहा कि शिक्षकों को नियमित रूप से बच्चों के अधिगम स्तर का आकलन कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने होंगे। उन्होंने गतिविधि आधारित शिक्षण को बढ़ावा देने तथा बच्चों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई।डायट मेंटर विजय निगम ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए नियमित पठन-पाठन और सतत मूल्यांकन अनिवार्य है। उन्होंने शिक्षकों से कक्षा शिक्षण को रोचक एवं प्रभावी बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे की सीखने की क्षमता भिन्न होती है, इसलिए उसे उसकी आवश्यकता के अनुरूप शैक्षिक सहयोग प्रदान किया जाना चाहिए। साथ ही छात्र उपस्थिति बढ़ाने एवं अभिभावकों से सतत संवाद बनाए रखने पर जोर दिया।डायट मेंटर राजकुमार ने निपुण लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए शिक्षकों से पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने की अपील की। उन्होंने लेखन कौशल के विकास, नियमित पठन गतिविधियों के संचालन तथा निपुण असेसमेंट के आधार पर शिक्षण रणनीति तैयार करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने विद्यालयों में सकारात्मक एवं प्रेरणादायक शैक्षिक वातावरण सृजित करने पर भी बल दिया।इस दौरान एआरपी मनीष पांडे एवं उत्कर्ष मोहन ने निपुण असेसमेंट, छात्र नामांकन, उपस्थिति, लेखन कार्य एवं शैक्षिक अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव से संबंधित बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने शिक्षकों से शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करते हुए प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने का आह्वान किया।बैठक का संचालन डायट मेंटर डॉ. त्रिपुरारी पूजन, विजय कुमार निगम, आशुतोष एवं राजकुमार द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर संकुल क्षेत्र के समस्त प्रधानाध्यापक, प्रभारी प्रधानाध्यापक, सहायक अध्यापक, शिक्षामित्र एवं अनुदेशक उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सभी शिक्षकों ने निपुण भारत मिशन के उद्देश्यों की सफलता हेतु सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।