गन्ना सर्वे-सट्टा प्रदर्शन का जिला गन्ना अधिकारी ने किया निरीक्षण
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
किसानों को आधुनिक खेती अपनाने के लिए किया प्रेरित
नए सदस्य पंजीकरण एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की दी जानकारी, ट्रेंच विधि एवं सहफसली खेती पर दिया जोर
बलरामपुर।जनपद में गन्ना किसानों की आय में वृद्धि तथा गन्ना विकास कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से विभाग द्वारा ग्राम स्तर पर सर्वे-सट्टा प्रदर्शन का कार्य निरंतर कराया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को जिला गन्ना अधिकारी संजय कुमार ने गन्ना विकास परिषद तुलसीपुर के अंतर्गत ग्राम भैसाडीह में 63 कॉलम पर संचालित ग्राम स्तरीय सर्वे-सट्टा प्रदर्शन का स्थलीय निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान जिला गन्ना अधिकारी ने सर्वे एवं सट्टा प्रदर्शन से संबंधित अभिलेखों का अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सर्वे कार्य पूरी पारदर्शिता एवं शुद्धता के साथ समयबद्ध रूप से संपन्न कराया जाए, ताकि किसी भी पात्र किसान को असुविधा का सामना न करना पड़े।इस अवसर पर उपस्थित गन्ना किसानों के साथ संवाद करते हुए उन्होंने विभाग की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। किसानों को नए सदस्य के रूप में पंजीकरण कराने के लिए प्रेरित किया गया, जिससे वे विभाग द्वारा संचालित विभिन्न सुविधाओं एवं योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।जिला गन्ना अधिकारी ने किसानों को गन्ना विभाग द्वारा संचालित सामाजिक सुरक्षा कवच की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र किसानों से इनका अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप किसानों को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के लिए विभाग निरंतर कार्य कर रहा है।
उन्होंने आगामी शरदकालीन गन्ना बुवाई के दृष्टिगत किसानों से अधिक से अधिक ट्रेंच विधि से गन्ने की बुवाई करने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि ट्रेंच विधि अपनाने से बीज की बचत, बेहतर अंकुरण, जल संरक्षण तथा अधिक उत्पादन प्राप्त होता है। साथ ही किसानों को सहफसली खेती अपनाने के लिए भी प्रेरित किया गया, जिससे गन्ने के साथ अन्य फसलों का उत्पादन कर अतिरिक्त आय अर्जित की जा सके।जिला गन्ना अधिकारी ने किसानों से वैज्ञानिक एवं आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर लागत कम करने तथा उत्पादन एवं आय बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गन्ना विभाग किसानों के हित में निरंतर कार्य कर रहा है तथा समय-समय पर तकनीकी मार्गदर्शन एवं आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाता रहेगा।निरीक्षण के दौरान गन्ना विभाग के संबंधित अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय गन्ना किसान उपस्थित रहे।