Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

नेपाल सीमा पर आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 26 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

सीमा क्षेत्र में आबकारी एवं एसएसबी की संयुक्त दबिश, दो अभियोग दर्ज

अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी के विरुद्ध विशेष प्रवर्तन अभियान लगातार जारी

बलरामपुर।जनपद में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन एवं तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से आबकारी विभाग द्वारा विशेष प्रवर्तन अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। डीएम डॉ विपिन कुमार जैन एवं आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार, उप आबकारी आयुक्त देवीपाटन प्रभार (गोंडा) के पर्यवेक्षण तथा जिला आबकारी अधिकारी बलरामपुर मृत्युंजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में जिले के विभिन्न क्षेत्रों, विशेषकर नेपाल सीमा से जुड़े संवेदनशील इलाकों में नियमित रूप से सघन चेकिंग एवं प्रवर्तन कार्रवाई की जा रही है।इसी क्रम में शुक्रवार को आबकारी विभाग सर्किल-1 सदर की टीम ने थाना हरैया क्षेत्र के अंतर्गत नेपाल सीमा के समीप ग्राम मढ़ीपुर चौधरीडीह के महादेव बाकी क्षेत्र में 9 वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) के साथ संयुक्त रूप से दबिश अभियान चलाया। अभियान के दौरान संदिग्ध स्थलों की गहन तलाशी ली गई तथा अवैध शराब के निर्माण एवं भंडारण की गतिविधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई।संयुक्त कार्रवाई के दौरान लगभग 26 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। मामले में उत्तर प्रदेश आबकारी अधिनियम के प्रावधानों के अंतर्गत दो अभियोग पंजीकृत करते हुए नियमानुसार विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की गई। अभियान के दौरान अवैध शराब के कारोबार से जुड़े तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी गई तथा सीमा क्षेत्र में सतर्कता और अधिक बढ़ाई गई।
जिला आबकारी अधिकारी मृत्युंजय प्रताप सिंह ने बताया कि जनपद में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं तस्करी के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। नेपाल सीमा से जुड़े क्षेत्रों सहित पूरे जिले में नियमित रूप से संयुक्त प्रवर्तन अभियान चलाए जा रहे हैं, जिससे अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।उन्होंने आमजन से भी अपील की कि यदि कहीं भी अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन अथवा भंडारण की जानकारी मिले तो उसकी सूचना तत्काल आबकारी विभाग अथवा प्रशासन को दें। नागरिकों के सहयोग से अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकता है तथा जनसुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।इस संयुक्त अभियान में आबकारी निरीक्षक सर्किल-1 बलरामपुर रामधनी वर्मा, प्रधान आबकारी सिपाही उमेश कुमार, 9वीं वाहिनी एसएसबी (9 BN SSB) के अधिकारी एवं जवान तथा आबकारी विभाग की प्रवर्तन टीम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.