Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 67 जोड़ों का विवाह संपन्न

बलरामपुर। उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत शनिवार को तहसील बलरामपुर स्थित माया होटल में 67 जोड़ों का सामूहिक विवाह एवं निकाह संपन्न कराया गया। समारोह में 44 जोड़ों का विवाह वैदिक रीति-रिवाज से तथा 23 जोड़ों का निकाह मुस्लिम परंपरा के अनुसार संपन्न हुआ। नवदंपतियों को जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने आशीर्वाद देकर उनके सुखद वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में सदर विधायक पलटूराम, तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष आरती शुक्ला, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, जिला विकास अधिकारी कमलेश सोनी, जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ. राहुल गुप्ता, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी यशवंत मौर्य सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए सम्मानजनक सहयोग का माध्यम बन रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने योजना के अंतर्गत प्रति जोड़े मिलने वाली सहायता राशि बढ़ाकर ₹1 लाख कर दी है। इसमें ₹64,000 सीधे कन्या के बैंक खाते में, ₹21,000 की उपहार सामग्री तथा ₹15,000 विवाह आयोजन एवं अन्य व्यवस्थाओं पर खर्च किए जाते हैं।समारोह स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। नवदंपतियों और उनके परिजनों के लिए भोजन, पेयजल, बैठने सहित सभी आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई। पूरे आयोजन में सामाजिक समरसता, सौहार्द और उत्साह का वातावरण देखने को मिला। उपस्थित लोगों ने योजना को गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी पहल बताते हुए इसकी सराहना की।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.