आरोही राव ने बढ़ाया जिले का गौरव, नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप के लिए किया क्वालीफाई
रिपोर्ट – ब्यूरो अयोध्या धाम
अयोध्या। प्रतिभा और मेहनत के दम पर अयोध्या की बेटी आरोही राव ने एक बार फिर जनपद का नाम रोशन किया है। देहरादून में 11 से 29 जुलाई तक आयोजित प्री-नेशनल इंडिया ओपन शूटिंग प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए आरोही ने नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई कर लिया है। उनकी इस उपलब्धि से खेल जगत में खुशी का माहौल है।आरोही राव ने पढ़ाई के साथ-साथ शूटिंग में भी अनुकरणीय समर्पण का परिचय दिया है। वह विद्यालय की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रतिदिन लगभग पांच घंटे नियमित अभ्यास करती हैं। इसी कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है कि उन्होंने प्रतियोगिता में निर्धारित अंक हासिल कर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपना स्थान सुनिश्चित किया।आरोही ने अयोध्या शूटिंग रेंज, कचहरी के पीछे स्थित प्रशिक्षण केंद्र में नियमित अभ्यास करते हुए यह मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलता से शूटिंग रेंज के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों में उत्साह का माहौल है।अपनी सफलता का श्रेय आरोही ने अयोध्या मंडल के मंडलायुक्त राजेश कुमार तथा अयोध्या शूटिंग रेंज के कोच शनि कुमार वर्मा को दिया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षकों के सतत मार्गदर्शन, अनुशासित प्रशिक्षण और परिवार के सहयोग से ही वह यह उपलब्धि हासिल कर सकीं।आरोही की इस उपलब्धि पर अयोध्या शूटिंग रेंज के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना की। खेल प्रेमियों का कहना है कि आरोही की सफलता जनपद की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी और यह साबित करेगी कि समर्पण और सही मार्गदर्शन के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई जा सकती है।