Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

सावन के पहले सोमवार व चेहुलुम को लेकर प्रशासन अलर्ट, रेहरा बाजार में सुरक्षा-व्यवस्थाओं की समीक्षा

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

रेहरा बाजार।(बलरामपुर)। सावन माह के प्रथम सोमवार और चेहुलुम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को रेहरा बाजार में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में कानून-व्यवस्था, सुरक्षा, साफ-सफाई, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।उपजिलाधिकारी योगेंद्र शरण शाह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश सिंह सहित क्षेत्र के थाना प्रभारियों ने भाग लिया। अधिकारियों ने प्रमुख शिव मंदिरों में जलाभिषेक के दौरान संभावित भीड़, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता और सुरक्षा इंतजामों पर विस्तार से चर्चा की। एसडीएम ने निर्देश दिए कि मंदिर परिसर और आसपास विशेष सफाई अभियान चलाया जाए, पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।पुलिस अधिकारियों ने संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, लगातार पैदल व वाहन गश्त, प्रभावी यातायात प्रबंधन और सीसीटीवी व अन्य माध्यमों से सतत निगरानी की कार्ययोजना प्रस्तुत की। अधिकारियों ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे, ताकि दोनों पर्व पूरी शांति, सुरक्षा और भाईचारे के माहौल में संपन्न हो सकें।बैठक में थाना प्रभारी गैड़ास बुजुर्ग राणा प्रताप सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.