जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन महिला आईटीआई एवं कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का किया निरीक्षण
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, महिला आईटीआई में शीघ्र कक्षाएं संचालित कराने पर जोर
बलरामपुर।जिलाधिकारी डॉ विपिन कुमार जैन ने विकास खंड रेहरा बाजार के ग्राम देवरी खेरा में निर्माणाधीन राजकीय महिला आईटीआई का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए शेष कार्य निर्धारित समय में पूर्ण करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन भवन के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण करते हुए कार्य की गुणवत्ता देखी तथा संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था से अब तक हुए कार्य एवं शेष निर्माण के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि महिला आईटीआई का निर्माण पूर्ण होने से क्षेत्र की बालिकाओं एवं महिलाओं को तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा प्राप्त करने की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। इसलिए निर्माण से जुड़े सभी शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए।जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि भवन में आवश्यक निर्माण एवं अन्य सुविधाओं से संबंधित कार्य शीघ्र पूर्ण कराते हुए कक्षाओं के संचालन की कार्रवाई जल्द शुरू की जाए।उन्होंने परिसर में लैंड डेवलपमेंट का कार्य सुव्यवस्थित ढंग से कराने के भी निर्देश दिए, जिससे परिसर उपयोग के लिए पूरी तरह तैयार हो सके।निर्माणाधीन महिला आईटीआई की स्वीकृत लागत लगभग ₹12.60 करोड़ है तथा भौतिक प्रगति लगभग 75.25 प्रतिशत दर्ज है। जिलाधिकारी ने शेष कार्यों को तेजी से पूर्ण कराने तथा नियमित रूप से प्रगति की निगरानी किए जाने के निर्देश दिए।कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय के निर्माण कार्य का भी लिया जायजा।इसके उपरांत जिलाधिकारी ने विकास खंड रेहरा बाजार क्षेत्र में निर्माणाधीन कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के एकेडमिक ब्लॉक एवं बालिका छात्रावास का निरीक्षण किया। उन्होंने एकेडमिक ब्लॉक, छात्रावास एवं परिसर में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति देखी।
उपलब्ध विवरण के अनुसार इस परियोजना की स्वीकृत लागत लगभग ₹4.53 करोड़ है तथा लगभग ₹4.24 करोड़ की धनराशि व्यय की जा चुकी है। परियोजना की भौतिक प्रगति करीब 90 प्रतिशत है।जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को शेष निर्माण कार्यों में अपेक्षित प्रगति लाने के निर्देश देते हुए कहा कि एकेडमिक ब्लॉक एवं छात्रावास से जुड़े सभी कार्य गुणवत्ता के निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं। उन्होंने रंगाई-पुताई, इलेक्ट्रिकल एवं प्लंबिंग सहित अन्य फिनिशिंग कार्यों को तेजी से पूर्ण करने तथा परिसर को उपयोग के लिए तैयार करने के निर्देश दिए।उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न होने देने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शिक्षा से संबंधित परियोजनाओं को समय से पूरा किया जाना प्राथमिकता है, ताकि इनका लाभ छात्राओं को जल्द से जल्द मिल सके।निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता सहित संबंधित विभागों एवं कार्यदायी संस्था के अधिकारी/प्रतिनिधि उपस्थित रहे।