Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

शारदीय नवरात्रि मेले की तैयारियों को लेकर महंत योगी मिथलेश नाथ की अध्यक्षता में संपन्न

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

मेले की सुरक्षा में 823 पुलिसकर्मी/यातायात एवं एलआईयू कार्मिक तथा 02 प्लाटून पीएसी की रहेगी तैनाती

श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वास्थ्य, सफाई, यातायात, विद्युत व अन्य व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण करने के निर्देश

बलरामपुर।मां पाटेश्वरी देवीपाटन मंदिर, तुलसीपुर में आगामी 11 अक्टूबर से प्रारंभ हो रहे शारदीय नवरात्रि मेले के सकुशल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर मंदिर के महंत योगी मिथलेश नाथ की अध्यक्षता में देवीपाटन मंदिर परिसर में सभागार में तैयारियों की प्रथम बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन एवं पुलिस अधीक्षक सहित पुलिस-प्रशासन तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।बैठक में नवरात्रि मेले के दौरान मंदिर में आने वाले बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुलिस व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, चिकित्सा, विद्युत, सफाई, पेयजल, जल निकासी, परिवहन, रेलवे तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं की विभागवार समीक्षा की गई।जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने सभी संबंधित अधिकारियों को अपने विभाग से संबंधित तैयारियों को प्राथमिकता के आधार पर समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं को मां पाटेश्वरी के दर्शन में किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा मंदिर एवं मेला परिसर में सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।बैठक में पुलिस विभाग द्वारा मेले के लिए तैयार किए गए सुरक्षा प्लान की जानकारी दी गई। गत वर्ष की व्यवस्था के आधार पर मेले में कुल 823 सिविल पुलिस, यातायात एवं एलआईयू कार्मिकों तथा 02 प्लाटून पीएसी की व्यवस्था प्रस्तावित है। पुलिस बल में राजपत्रित एवं अराजपत्रित अधिकारी, महिला पुलिसकर्मी, यातायात कर्मी, एलआईयू, फायर टेंडर एवं वायरलेस कर्मियों सहित आवश्यक बल की तैनाती की जाएगी।मेला क्षेत्र में प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था के लिए क्षेत्र को जोन एवं सेक्टर में विभाजित करते हुए अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। भीड़ प्रबंधन के लिए अलग से क्राउड मैनेजमेंट प्लान, मंदिर परिसर में बैरिकेडिंग, प्रवेश एवं निकास की सुव्यवस्थित व्यवस्था तथा संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।
मेला क्षेत्र की निगरानी के लिए 30 सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन सर्विलांस, एचएचएमडी/डीएफएमडी, बैगेज स्कैनर एवं अन्य आधुनिक सुरक्षा उपकरणों का प्रयोग किया जाएगा। सादे वस्त्रों में महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मी भी तैनात रहेंगे। एलआईयू, एटीएस, चेक टीम, बीडीएस एवं डॉग स्क्वायड के माध्यम से भी सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ रखा जाएगा।
यातायात व्यवस्था के तहत प्रमुख मार्गों पर बैरियर एवं डायवर्जन प्लान लागू किया जाएगा। पार्किंग स्थलों का निर्धारण करते हुए श्रद्धालुओं के वाहनों को सुव्यवस्थित ढंग से खड़ा कराने तथा मंदिर की ओर जाने वाले मार्गों पर अनावश्यक जाम न लगने देने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा मेला एवं मंदिर परिसर में अस्थायी चिकित्सालय स्थापित किया जाएगा, जो 24 घंटे संचालित रहेगा। चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ एवं आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। इसके साथ ही 108 एम्बुलेंस सेवा 24 घंटे उपलब्ध रहेगी तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए रेलवे स्टेशन पर अतिरिक्त टिकट खिड़की खोले जाने, जीआरपी एवं पुलिस बल की तैनाती तथा ट्रेनों के ठहराव संबंधी आवश्यक समन्वय किए जाने पर चर्चा की गई। रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक नागरिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।परिवहन विभाग द्वारा मेला परिसर से आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बसों का रूट एवं समय-सारिणी निर्धारित किए जाने तथा बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पूछताछ,सहायता केंद्र बनाए जाने की व्यवस्था की जाएगी।बसों के संचालन पर निरंतर निगरानी रखते हुए आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त बसों की तत्काल व्यवस्था किए जाने के निर्देश दिए गए।मंदिर एवं मेला परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। नगर पंचायत तुलसीपुर के सफाई कर्मचारियों के साथ-साथ आसपास की नगर पंचायतों एवं ग्रामीण क्षेत्रों के सफाई कर्मियों की भी ड्यूटी लगाई जाएगी। मेला मार्गों, पार्किंग स्थल एवं मंदिर परिसर में मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था तथा सार्वजनिक एवं सामुदायिक शौचालयों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाएगी।नगर पंचायत तुलसीपुर द्वारा मंदिर एवं मेला परिसर में पड़ने वाले नालों एवं नालियों की सफाई कराते हुए जल निकासी की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।विद्युत विभाग को मेले के दौरान 24 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मंदिर एवं मेला परिसर में पुराने एवं जर्जर तारों की जांच, आवश्यक मरम्मत तथा ट्रांसफार्मरों को रिजर्व में रखने के साथ ही आकस्मिक परिस्थितियों के लिए विभागीय टीम को सक्रिय रखने को कहा गया।जिलाधिकारी ने प्रशासनिक अधिकारियों को भी मेला अवधि में निरंतर भ्रमण एवं निगरानी करते हुए सभी व्यवस्थाओं को प्रभावी रूप से संचालित कराने के निर्देश दिए। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक व्यवस्था का मेला शुरू होने से पूर्व स्थलीय परीक्षण एवं सत्यापन कर लिया जाए।उन्होंने कहा कि यह तैयारियों को लेकर प्रथम बैठक है। सभी विभाग आज की बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुरूप अपने-अपने कार्य पूर्ण करें। मेले के प्रारंभ होने से पूर्व तैयारियों की पुनः समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें विभागवार प्रगति एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की जाएगी।बैठक में पुलिस, प्रशासन, स्वास्थ्य, विद्युत, नगर निकाय, परिवहन, रेलवे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.