उतरौला-डुमरियागंज मार्ग पर भीषण हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से बुजुर्ग की मौत, एक गंभीर
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
उतरौला (बलरामपुर): उतरौला-डुमरियागंज मुख्य मार्ग पर हासिमपारा के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में अज्ञात वाहन की ठोकर से बाइक सवार 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।मिली जानकारी के अनुसार, उतरौला थाना क्षेत्र के ग्राम तिलखी बभनी निवासी भगवत मिश्र (65 वर्ष) बुधवार सुबह करीब आठ बजे अपने ही गांव के लल्लन मिश्र (55 वर्ष) के साथ मोटरसाइकिल से पुरैना बुलंद जा रहे थे। जैसे ही वे हासिमपारा के पास पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि भगवत मिश्र की मौके पर ही सांसें थम गईं, जबकि बाइक चला रहे लल्लन मिश्र गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना की सूचना मिलते ही गैड़ास बुजुर्ग थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल घायल लल्लन मिश्र को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद पुलिस ने मृतक भगवत मिश्र के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलते ही सांत्वना देने पहुंचे समाजसेवी डॉ. एहसान खान ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। इसके साथ ही उन्होंने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए शव को पोस्टमार्टम हाउस तक ले जाने के लिए अपने अस्पताल की एंबुलेंस उपलब्ध कराई।
पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुट गई है।