Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन मुख्यमंत्री ने किए मां पाटेश्वरी के दर्शन

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

मुख्यमंत्री ने मां के चरणों में झुकाया शीश, स्वस्थ-समृद्ध उत्तर प्रदेश के लिए की प्रार्थना

गोरक्षपीठाधीश्वर एवं माननीय मुख्यमंत्री ने गोशाला में गुड़-हरा चारा खिलाकर की गो माता की सेवा

तुलसीपुर बलरामपुर।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन तुलसीपुर स्थित देवी शक्तिपीठ मां पाटेश्वरी मंदिर में दर्शन, पूजन-अर्चन किया।मुख्यमंत्री ने मां की आरती उतारी और सुखी, स्वस्थ व समृद्ध उत्तर प्रदेश के लिए प्रार्थना की।मुख्यमंत्री ने रविवार सुबह दर्शन-पूजन के उपरांत मंदिर में आए श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार किया। उन्होंने मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।मुख्यमंत्री शनिवार को विकास कार्यों के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में बलरामपुर पहुंचे थे। उन्होंने देवीपाटन मंदिर परिसर में रात्रि विश्राम किया।मुख्यमंत्री ने नवरात्रि व दशहरा के निमित्त मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा व स्वच्छता की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि नवरात्रि में देश-प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालु यहां आकर मां के चरणों में श्रद्धा निवेदित करते हैं। ऐसे में प्रशासन, पुलिस एवं मंदिर की व्यवस्थाओं से जुड़े सभी लोग श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान दें। श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की अव्यवस्था अथवा असुविधा का सामना न करना पड़े।मुख्यमंत्री गोशाला भी पहुंचे, जहां उन्होंने गो माता को गुड़ एवं हरा चारा खिलाकर गो सेवा की। मुख्यमंत्री जी ने स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों एवं संतों से भी मुलाकात की।इस दौरान महंत मिथिलेश नाथ योगी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.