Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

मिशन शक्ति के तहत छात्राओं ने निकाली जागरूकता रैली, हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

एमपीयू में नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन का संदेश; सेवा संकल्प अभियान के तहत सप्तशती पाठ भी हुआ

बलरामपुर। माँ पाटेश्वरी विश्वविद्यालय (एमपीयू) परिसर में गुरुवार को मिशन शक्ति के तहत जागरूकता रैली निकालकर छात्राओं को नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़ी हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी देते हुए अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और किसी भी समस्या में बिना झिझक सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।कुलपति प्रो. रविशंकर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम की मुख्य अतिथि बाल कल्याण समिति, बलरामपुर की सदस्य कविता त्रिपाठी ने कहा कि बेटियों को शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़कर अपनी पहचान बनानी चाहिए। छात्राओं को अपने अधिकारों की जानकारी रखते हुए उनके प्रति जागरूक रहना जरूरी है। इससे समाज और देश के विकास को नई दिशा मिलेगी।विशिष्ट अतिथि वन स्टॉप सेंटर की साइको सोशल काउंसलर कविता पाल ने महिलाओं के लिए उपलब्ध सहायता सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों से सतर्क रहने तथा किसी भी परिस्थिति में सोच-समझकर कदम उठाने की सलाह दी।
कार्यक्रम में महिला पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर ठगी हेल्पलाइन 1930 और मानसिक स्वास्थ्य परामर्श सेवा टेली-मानस 14416 की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने छात्राओं से इन नंबरों को मोबाइल में सुरक्षित रखने और अन्य महिलाओं को भी जागरूक करने की अपील की।रैली के बाद विश्वविद्यालय परिसर में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सप्तशती पाठ का आयोजन किया गया। इसमें शक्तिपुत्र कैप्टन स्मित मच्छर के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई। उपस्थित लोगों ने उनके साहस को नमन करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना की।इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव परमानंद सिंह सहित विभिन्न विभागों के शिक्षक, विद्यार्थी, कर्मचारी और मीडियाकर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.