गोंडा में 2,978 बूथों पर विशेष कैंप, डीएम ने किया निरीक्षण
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
बीएलओ को लापरवाही न बरतने की चेतावनी, मतदाता सूची में नाम जुड़वाने पहुंचे लोग
गोंडा। निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत शनिवार को जिले के सभी सात विधानसभा क्षेत्रों के 2,978 मतदेय स्थलों पर विशेष कैंप लगाए गए। सुबह से ही मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, दर्ज विवरण में संशोधन कराने और अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं के लिए लोग अपने-अपने बूथों पर पहुंचे। डीएम ने दो बूथों का किया औचक निरीक्षण विशेष अभियान की व्यवस्थाओं और पारदर्शिता का जायजा लेने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने शनिवार दोपहर करीब 2:30 बजे विभिन्न मतदेय स्थलों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने प्राथमिक विद्यालय हारीपुर स्थित मतदेय स्थल और करनैलगंज तहसील क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय बालपुर प्रथम में बने बूथ का निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम ने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से प्राप्त आवेदनों की संख्या, मतदाता सूची के अद्यतीकरण और आगंतुक पंजिका की जांच की। अभियान के तहत सभी बूथों पर बीएलओ सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक उपस्थित रहकर मतदाताओं से दावे और आपत्तियां प्राप्त करते रहे। नाम जुड़वाने और संशोधन के लिए अलग-अलग फॉर्म मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के पात्र नागरिक फॉर्म-6 भर सकते हैं। वहीं, नाम, पता या अन्य विवरण में संशोधन तथा निवास स्थान बदलने की स्थिति में फॉर्म-8 का इस्तेमाल किया जा सकता है। मतदाता सूची से अपात्र व्यक्तियों के नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 भरने का प्रावधान है। युवा और महिला मतदाताओं के पंजीकरण पर जोर निरीक्षण के दौरान डीएम प्रियंका निरंजन ने निर्देश दिया कि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से युवा और महिला मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। डीएम ने अभियान में तैनात सुपरवाइजरों, राजस्व कर्मियों और बीएलओ को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता, अनुपस्थिति या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही सभी उपजिलाधिकारियों और नोडल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर बूथों का स्थलीय निरीक्षण करने तथा अभियान की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए।