दो बाइक के आमने सामने की टक्कर में 48 वर्षीय महिला की मौत, परिजनों का रो रोकर हुआ बुरा हाल
रेहरा बाजार। ससुराल में बरही संस्कार के कार्यक्रम में शामिल होने की तैयारी लेकर निकली महिला को रास्ते में मौत ने ऐसा झटका दिया कि परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। मंगलवार शाम मनकापुर-सादुल्लानगर मार्ग पर मौनी बाबा कुटी के पास पेट्रोल पंप के निकट दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में 48 वर्षीय राधा देवी की जान चली गई। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।जानकारी के मुताबिक, सादुल्लानगर थाना क्षेत्र के जिगनी माझा गांव निवासी नंदराम अपनी पत्नी राधा देवी के साथ बाइक से ससुराल मगुहवा जा रहे थे। वहां बरही संस्कार का आयोजन था, जिसमें शामिल होने के लिए दंपती घर से निकले थे। मंगलवार शाम करीब चार बजे मौनी बाबा कुटी के समीप पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रहे एक अज्ञात बाइक सवार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही पीछे बैठी राधा देवी सड़क पर गिर पड़ीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं।हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर एंबुलेंस की मदद से घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादुल्लानगर पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। जिस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए परिवार निकला था, वहां पहुंचने से पहले ही घर में दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।राधा देवी के दो बेटे और दो बेटियां हैं। इनमें एक बेटे और एक बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि दो बच्चे अभी अविवाहित हैं। मौत की खबर सुनकर परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव के लोग भी शोक जताने और परिजनों को ढांढस बंधाने पहुंचने लगे।थानाध्यक्ष सत्येंद्र वर्मा ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद फरार हुए अज्ञात बाइक सवार की तलाश की जा रही है।