फर्जी पहचान बनाकर जमीन का बैनामा कराने के मामले में दो आरोपी और गिरफ्तार
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
धर्मावती और कौशल कुमार को पुलिस पहले ही भेज चुकी है जेल, चार आरोपियों पर दर्ज है मुकदमा
उतरौला, बलरामपुर। फर्जी दस्तावेज तैयार कर दूसरे की पहचान के आधार पर जमीन का बैनामा कराने के मामले में उतरौला कोतवाली पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को मधपुर पुलिया के पास से गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। इस मामले में नामजद दो अन्य आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।पुलिस के अनुसार, गोंडा जनपद के मनकापुर थाना क्षेत्र के भिटौरा निवासी मो. इसरार ने 21 अगस्त 2026 को उतरौला कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि धर्मावती देवी ने कथित तौर पर आधार कार्ड में हेरफेर कर कंचन मौर्य की पहचान अपनाई और प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक की नयानगर बूधीपुर शाखा में खाता खुलवाया। इसके बाद ग्राम सभा सलेमपुर स्थित गाटा संख्या 825 की 0.32 हेक्टेयर जमीन का कूटरचित दस्तावेजों के जरिए 22 मार्च 2022 को मो. इसरार के पक्ष में बैनामा करा दिया गया।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने धर्मावती देवी, कौशल कुमार, सहाबुद्दीन और कमालुद्दीन के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी, कूटरचित दस्तावेजों के इस्तेमाल समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।
पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देश पर चल रही कार्रवाई के तहत अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय और क्षेत्राधिकारी उतरौला डॉ. जितेन्द्र कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक अवधेश राज सिंह के नेतृत्व वाली टीम ने 22 अक्टूबर को सहाबुद्दीन पुत्र मो. अमीन निवासी रामपुर ग्रिन्ट पाली, थाना सादुल्लानगर तथा कमालुद्दीन पुत्र सलाहुद्दीन निवासी बैदौला सकरा इटई आदम, थाना गैण्डास बुजुर्ग को गिरफ्तार किया।पुलिस के मुताबिक, इस मामले में धर्मावती देवी और कौशल कुमार को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। शेष दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक त्रियुगी प्रसाद शर्मा, कांस्टेबल जय प्रकाश सिंह, अभय कुमार और महमूद आलम शामिल रहे।