विकास भवन परिसर में नवनिर्मित मॉडल प्रेरणा कैंटीन का हुआ उद्घाटन
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन एवं मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता की उपस्थिति में मॉडल प्रेरणा कैंटीन का हुआ शुभारंभ
बलरामपुर।विकास भवन परिसर में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विभिन्न शासकीय कार्यों से आने वाले आगंतुकों को बेहतर एवं सुविधाजनक खानपान व्यवस्था उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नवनिर्मित मॉडल प्रेरणा कैंटीन का उद्घाटन जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन एवं मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया।मॉडल प्रेरणा कैंटीन की स्थापना का मुख्य उद्देश्य विकास भवन परिसर में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ विभिन्न विभागीय कार्यों से आने वाले आमजन को परिसर में ही सुव्यवस्थित एवं सुविधाजनक खानपान की व्यवस्था उपलब्ध कराना है।इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने कहा कि शासकीय कार्यालयों में आने वाले नागरिकों एवं कार्यरत कार्मिकों के लिए बेहतर मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता अत्यंत आवश्यक है। मॉडल प्रेरणा कैंटीन की स्थापना इसी दिशा में एक सकारात्मक पहल है। इससे विकास भवन आने वाले लोगों को खानपान के लिए परिसर से बाहर जाने की आवश्यकता कम होगी तथा उन्हें एक ही स्थान पर सुविधाजनक व्यवस्था उपलब्ध हो सकेगी।उन्होंने कहा कि कैंटीन के संचालन में स्वच्छता, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता एवं सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा जाए, जिससे यहां आने वाले सभी लोगों को बेहतर सुविधा प्राप्त हो सके।मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता ने कहा कि मॉडल प्रेरणा कैंटीन के संचालन से विकास भवन परिसर में आने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आगंतुकों को खानपान की बेहतर सुविधा मिलेगी। उन्होंने कैंटीन में साफ-सफाई, गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री एवं बेहतर सेवा व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया।मॉडल प्रेरणा कैंटीन का शुभारंभ विकास भवन परिसर में जनसुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे न केवल कार्यालय में कार्यरत कार्मिकों को सुविधा मिलेगी, बल्कि जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से अपने कार्यों के लिए विकास भवन आने वाले नागरिकों को भी लाभ प्राप्त होगा।