खेत में मिला विशाल अजगर, ग्रामीणों ने खुद किया रेस्क्यू
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
रेहरा बाजार (बलरामपुर)। रेहरा बाजार क्षेत्र के रामपुर अरना लाला डीह गांव में बुधवार शाम धान के खेत में विशाल अजगर दिखाई देने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। खेत में धान की कटाई कर रहे राम प्रकाश की नजर अचानक अजगर पर पड़ी तो वह घबरा गए। कुछ ही देर में मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।ग्रामीण उमंग श्रीवास्तव, सरजू प्रसाद श्रीवास्तव और उस्मान समेत अन्य लोगों ने वन विभाग को सूचना देकर अजगर को सुरक्षित पकड़ने के लिए रेस्क्यू टीम भेजने की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद विभागीय स्तर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। उन्हें मौके से हटने और अजगर के खुद चले जाने का इंतजार करने की बात कही गई। ग्रामीणों के मुताबिक, अजगर को पकड़कर कहां ले जाया जाएगा, इस पर भी सवाल किया गया।इससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई। उनका कहना था कि अजगर को सुरक्षित स्थान पर नहीं पहुंचाया गया तो भय या अनजाने में कोई व्यक्ति उसे नुकसान पहुंचा सकता है। वहीं, उसकी मौजूदगी से ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई थी।आखिरकार ग्रामीणों ने खुद जोखिम उठाते हुए अजगर का रेस्क्यू किया और उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया। हालांकि, इस दौरान प्रशिक्षित टीम की अनुपस्थिति में ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हुए। मामले में वन विभाग के अधिकारी एसपी गुप्ता से कई बार फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की।घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की सूचना मिलने पर तत्काल प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम भेजी जाए, ताकि वन्यजीव और ग्रामीण दोनों सुरक्षित रह सकें।