आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर डीएम ने किया भोजन, खुद परखी पौष्टिक आहार की गुणवत्ता
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
रेहरा बाजार के 60 केंद्रों पर मिल रहा बच्चों को पौष्टिक भोजन, गर्भवती महिलाओं तक भी पहुंचाने के निर्देश
सादुल्लानगर,बलरामपुर। बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य की हकीकत परखने बुधवार को जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन विकासखंड रेहरा बाजार के सरायखास स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचे। यहां उन्होंने बच्चों के बीच बैठकर उनके साथ कढ़ी-चावल और इडली-सांभर का भोजन किया। जोमैटो फीडिंग इंडिया की ओर से उपलब्ध कराए जा रहे भोजन का स्वाद चखकर डीएम ने उसकी गुणवत्ता, स्वच्छता और पौष्टिकता का जायजा लिया। साथ ही बच्चों से बातचीत कर भोजन के स्वाद और नियमित उपलब्धता के बारे में जानकारी ली।जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास की मजबूत नींव पौष्टिक आहार से ही तैयार होती है। रेहरा बाजार के 60 आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिया कि किसी कारणवश केंद्र तक नहीं पहुंच पाने वाले बच्चों को भी गांव में निर्धारित स्थान पर भोजन उपलब्ध कराया जाए। गर्भवती महिलाओं के लिए भी पौष्टिक भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा उसे स्वच्छ तरीके से पैक कर पहुंचाने के निर्देश दिए।डीएम ने केंद्र पर बच्चों के नामांकन और उपस्थिति की स्थिति भी जानी। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को अभिभावकों से नियमित संपर्क बनाए रखने और बच्चों को केंद्र भेजने के लिए जागरूक करने को कहा।इसके बाद जिलाधिकारी ने कम्पोजिट विद्यालय सरायखास का निरीक्षण किया। कक्षाओं में पहुंचकर छात्र-छात्राओं से सवाल पूछे और उनकी शैक्षिक समझ परखी। उन्होंने शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ स्मार्ट क्लास का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए।इसके बाद डीएम गांव की डिजिटल लाइब्रेरी पहुंचे। यहां प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं से बातचीत कर अध्ययन सुविधाओं की जानकारी ली। विद्यार्थियों ने लाइब्रेरी को तैयारी में उपयोगी बताया। डीएम ने उन्हें लक्ष्य निर्धारित कर नियमित अध्ययन और निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान खंड विकास अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।