जनगणना–2027 के संबंध में जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की जनपदवासियों से अपील
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
बलरामपुर।जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने बताया कि भारत की जनगणना–2027 हमारे देश के समग्र विकास, भविष्य की योजनाओं एवं नीतियों के निर्धारण का एक अत्यंत महत्वपूर्ण आधार है। जनगणना केवल एक सरकारी प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह देश के भविष्य की दिशा तय करने एवं विकास की प्राथमिकताओं को निर्धारित करने के लिए महत्वपूर्ण आंकड़े उपलब्ध कराती है। जनगणना में प्रत्येक जनमानस की सहभागिता एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय जिम्मेदारी है।जिलाधिकारी ने बताया कि इस बार भारत की जनगणना–2027 को पूर्णतः डिजिटल स्वरूप में आयोजित किया जा रहा है। इसकी एक महत्वपूर्ण विशेषता स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की सुविधा है, जिसके माध्यम से जनमानस स्वयं डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपने परिवार से संबंधित आवश्यक जानकारियां दर्ज कर सकते हैं।उन्होंने बताया कि सामान्यतः जनगणना के दौरान प्रगणक घर-घर जाकर परिवार के सदस्यों से विभिन्न प्रश्न पूछकर आवश्यक जानकारियां एकत्रित करते हैं। इस बार स्वगणना की सुविधा के माध्यम से जनमानस स्वयं ऑनलाइन निर्धारित प्रश्नों के उत्तर दर्ज कर सकते हैं। स्वगणना की प्रक्रिया पूर्ण होने पर एक यूनिक आईडी प्राप्त होगी, जिसे जनमानस को सुरक्षित रखना होगा। जनगणना कार्मिक के घर आने पर उक्त आईडी उपलब्ध कराने से स्वगणना में दर्ज जानकारियों का सत्यापन एवं जनगणना प्रणाली में समावेशन किया जा सकेगा।जिलाधिकारी ने कहा कि स्वगणना जनगणना–2027 की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे जनगणना की प्रक्रिया अधिक सरल, सुगम, पारदर्शी एवं प्रभावी बनेगी। साथ ही आंकड़ों की शुद्धता, सटीकता एवं विश्वसनीयता सुनिश्चित करने में भी सहायता मिलेगी। डिजिटल स्वगणना से जनमानस अपनी सुविधानुसार जानकारी दर्ज कर सकेंगे तथा जनगणना कार्य को समयबद्ध एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न करने में सहयोग मिलेगा।जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने जनपद के समस्त सम्मानित जनपदवासियों से अपील की है कि भारत की जनगणना–2027 में बढ़-चढ़कर सहभागिता करें। अधिक से अधिक संख्या में डिजिटल स्वगणना की सुविधा का लाभ उठाएं, अपने परिवार से संबंधित सही एवं सटीक जानकारियां दर्ज करें तथा जनगणना कार्य में लगे कार्मिकों को पूर्ण सहयोग प्रदान करें।उन्होंने कहा कि जनगणना में प्रत्येक जनमानस की सहभागिता देश के बेहतर भविष्य की आधारशिला है। आइए, हम सभी मिलकर सटीक एवं सफल जनगणना सुनिश्चित करें तथा विकसित एवं सशक्त भारत के निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।